महाराष्ट्र: अनलॉक फेज-2 का 10वां दिन / 24 घंटे में रिकॉर्ड 7862 नए पॉजिटिव केस, एक दिन में किसी भी राज्य में मिले मरीजों की यह सबसे बड़ी संख्या; 2.38 लाख हुआ मरीजों का आंकड़ा

Zoom News : Jul 10, 2020, 11:03 PM

महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 7862 नए मामले सामने आए हैं। यह किसी भी राज्य में एक दिन में मिले संक्रमितों की सबसे बड़ी संख्या है। राज्य में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 2 लाख 38 हजार 461 हो गई है। 226 मरीजों की मौत होने से राज्य में मृतकों की संख्या 9,893 पहुंच गई। 5366 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई है, जिससे राज्य में ठीक हुए मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 1,32,625 हो गई। 95647 मरीजों का इलाज अभी भी चल रहा है। 12,53,987 लोगों की की जांच अबतक की गई है।


पुणे, ठाणे और नांदेड़ में फिर से सम्पूर्ण लॉकडाउन

कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले के बाद पुणे, ठाणे और नांदेड़ में फिर से एक बार सम्पूर्ण लॉकडाउन लगा दिया गया है। डिप्टी सीएम अजित पवार के निर्देश पर 13 से 23 जुलाई का 10 दिन का हार्ड लॉकडाउन पुणे, पिंपरी चिंचवाड़ और पुणे ग्रामीण इलाके में लगाया जा रहा है। वहीं, ठाणे में 2 जुलाई से 12 जुलाई के लिए लगे लॉकडाउन को बढ़ाकर 19 जुलाई तक कर दिया गया है। राज्य में मंत्री अशोक चव्हाण के गृहनगर नांदेड में भी 12 जुलाई से 20 जुलाई तक का लॉकडाउन लगाया गया है। 




कांग्रेस ने पूजा स्थलों को फिर खोलने की उठाई मांग 

मुंबई कांग्रेस ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से पूजा स्थलों को खोलने का शुक्रवार को अनुरोध किया ताकि कोरोना वायरस संक्रमण और उसके कारण लगे लॉकडाउन से परेशान लोग ईश्वर से ‘‘अपने दुख साझा कर सकें।’’ मुंबई कांग्रेस के उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह मन्हास ने कहा कि इससे शहर में कोरोना वायरस संक्रमण फैलने और उससे हुई मौतों के कारण डिप्रेशन का सामना कर रहे तथा निराशा से गुजर रहे लोगों को मदद मिलेगी। 


लॉकडाउन में बेस्ट को हुआ 150 करोड़ का घाटा
बीएमसी के मुताबिक मुंबई में 3 महीनें से जारी लॉकडाउन के कारण बेस्ट को 150 करोड़ रुपये का घाटा उठाना पड़ा है। लॉकडाउन में छूट के बावजूद बेस्ट यात्रियों की संख्या में वृद्धि नहीं हुई है, लॉकडाउन से पहले बेस्ट को हर दिन 1 करोड़ 80 लाख रुपए तक की कमाई हो रही थी। जो 7 जून तक लगभग 10 प्रतिशत हो गई थी और 8 जून के बाद अब यह 1 करोड़ प्रतिदिन के आसपास है। 


मुंबई-गोवा राजमार्ग पर बंद किया गया 
देर रात हुए भूस्खलन के बाद मुंबई-गोवा राजमार्ग बंद कर दिया गया है। यह घटना काशेडी घाट के पास पोलादपुर तालुका में धामणदेवी गांव की सीमा में हुई थी। नतीजतन, राजमार्ग के दोनों किनारों पर यातायात तुरंत रोक दिया गया है। रात के समय से सड़क को क्लियर करने का काम जारी है।




अजित पवार ने 'सारथी' के लिए दिए 8 करोड़ रुपए
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार ने मराठा और कुणबी समुदाय के लिए काम करने वाली गैर लाभकारी सरकारी कंपनी 'सारथी' को आठ करोड़ रुपये का कोष देने की गुरुवार को घोषणा की। उन्होंने साथ ही कहा कि संस्थान का कामकाज बंद नहीं होगा। पवार ने संस्थान की स्वायत्तता बनाए रखने का आश्वासन देते हुए कहा कि यह पारदर्शी तरीके से काम करेगा। 


एक और पुलिसकर्मी की कोरोना संक्रमण से हुई मौत

कोरोनावायरस संक्रमण के कारण बृहस्पतिवार को शहर के एक अस्पताल में 41 साल के पुलिस उप निरीक्षक की मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। इस घातक वायरस से अब तक शहर पुलिस के 45 कर्मियों की मौत हो चुकी है। अधिकारी ने कहा कि उप निरीक्षक विक्रोली पुलिस थाने में तैनात थे। वह ठाणे जिले में रहते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।




उद्धव ने दिया निगरानी समिति बनाने का सुझाव 

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने ठाणे की कोरोना समीक्षा बैठक में कोरोना पर नियंत्रण के लिए नागरिकों की निगरानी समिति बनाने का सुझाव दिया है। इसके लिए गांवों, कॉलोनियों, कस्बों में नागरिक निगरानी समिति का गठन किया जाएगा। इस समिति के सदस्‍य अपने आसपास के घरों पर नजर रखें कि कहीं किसी व्यक्ति में जुकाम-बुखार जैसे लक्षण तो दिखाई नहीं दे रहे हैं।




प्रवासी मजदूरों के हाल पर नाराज हुआ सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने प्रवासी मजदूरों की समस्याओं एवं बदहाली को लेकर स्वत: संज्ञान मामले में विस्तृत हलफनामा न दायर करने के लिए महाराष्ट्र सरकार को गुरुवार को आड़े हाथों लिया और अगले सप्ताह तक फंसे हुए मजदूरों की वास्तविक स्थिति को लेकर विस्तृत ब्योरा पेश करने का निर्देश दिया। न्यायमूर्ति अशोक भूषण, न्यायमूर्ति संजय किशन कौल और न्यायमूर्ति एम आर शाह की खंडपीठ ने महाराष्ट्र सरकार के रवैये को लेकर गहरी नाराजगी जतायी और सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता से कहा कि बेहतर होगा कि वह महाराष्ट्र सरकार को समझाएं और अगले सप्ताह तक राज्य वापस लौटने का इंतजार कर रहे मजदूरों की विस्तृत जानकारी न्यायालय को उपलब्ध करायें। 





कोरोना के चलते सितंबर में परीक्षाएं संभव नहीं: उदय सामंत

प्रदेश के उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री उदय सामंत ने कहा कि कोरोना संकट के चलते विश्वविद्यालयों के अंतिम वर्ष की अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं सितंबर महीने में लेना संभव नहीं है। सामंत ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से परीक्षाओं के संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अथवा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से बात करने के लिए आग्रह करूंगा। सामंत ने कहा कि मैंने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) को परीक्षाएं नहीं ले सकने को लेकर पत्र लिखा है। 




धनगर समाज के लिए आहिल्याबाई के नाम पर आवास योजना

राज्य में घुमंतू जनजाति 'क प्रवर्ग' के धनगर समाज के लिए आवास बनाने की योजना को अहिल्यादेवी होलकर आवास योजना नाम दिया गया है। गुरुवार को राज्य के अन्य पिछड़ा बहुजन कल्याण विकास मंत्री विजय वडेट्टीवार ने यह जानकारी दी। वडेट्टीवार ने कहा कि अहिल्यादेवी लोकप्रिय, उदार, मेहनती, सुधारवादी, कुशल और न्यायप्रिय शासक थीं। उन्होंने घाट, कुएं, मंदिर और धर्मशालाओं का निर्माण किया। सर्वधर्म समभाव के सौहार्द को कायम रखते हुए महिलाओं का सम्मान बढ़ाने का प्रयास किया। उन्होंने वस्त्रोद्योग, कुटीर उद्योग को गति देने का काम किया। इसलिए सरकार ने आवास योजना को उनका नाम देने का फैसला किया है।



SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER