भीलवाड़ा / रात को लड़का फोन कर बोला- आपका दामाद बोल रहा हूं; सुबह बेटी के साथ पेड़ पर लटका मिला

Dainik Bhaskar : Aug 07, 2019, 01:08 PM
भीलवाड़ा. बुधवार सुबह भीलवाड़ा जिले के करेड़ा में एक लड़के-लड़की का शव फंदे से लटका मिला। जिसके बाद पुरे इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों का शव सुलिया के पास बबूल के पेड़ पर लटका मिला। यहां से गुजर रहे चरवाहों ने दोनों के शवों को देखा। घटना की जानकारी मिलने के बाद करेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद दोनों के शवों को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।

जानकारी अनुसार घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों द्वार लड़के की पहचान कान्हा उर्फ सोनू के रूप में की गई। जो सुलिया का रहने वाला था। वहीं, लड़की की पहचान उसे दाएं हाथ पर बने टैटू से हुई। जिसका नाम मनसा बताया जा रहा है।  जिसके बाद दोनों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस को पेड़ के नीचे रस्गुल्ले, एक पायल, मंगलसूभ और फल पड़े मिले। साथ ही पेड़ से कुछ दूर एक पत्थर पर खून के निशान भी मिले है। जिसके बाद ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है।

रात को फोन पर बोली बेटी- थोड़ी देर में आ रही हूं

लड़की के पिता ने बताया कि मनसा कर देर शाम से घर नहीं लौटी थी। जब रात तक घर नहीं आई तो उन्होंने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो पाई। रात 12 बजे बेटी का फोन आया। उसने कहा कि थोड़ी देर में घर पहुंच जाउंगी। जिसके कुछ देर बात एक और फोन आया। जिसमें व्यक्ति ने कहा कि मैं सोनू बोल रहा हूं, आपका दामाद हूं। मैं मनसा को घर लेकर आ रहा हू। जिसके बाद लड़की के पिता लड़के के पिता श्याम लाल गुरू के घर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनका बेटा तो पेट्रोल पंप पर नौकरी करने गया है। दोनों नहीं मिले तो लड़की का पिता घर लौट आया। सुबह उन्हे दोनों के फंदे से लटकने की खबर मिली।

मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए करेड़ा अस्पताल भिजवाया। जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।   

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER