जयपुर / लाइट का स्विच ऑन करते ही फटा गैस सिलेंडर, महिला और 16 साल के किराएदार की मौत

Dainik Bhaskar : Mar 02, 2020, 01:00 PM
जयपुर |  शहर के चौड़ा रास्ता में सोमवार सुबह ताड़केश्वर मंदिर परिसर में बने एक मकान में सिलेंडर फट गया। हादसे में मंदिर के महंत की पत्नी और एक किराएदार लड़के की मौत हो गई तथा उसका चाचा झुलस गया। धमाके से मकान का एक हिस्सा गिर गया।

सोमवार का दिन होने के कारण मंदिर में बड़ी संख्या में भक्त एकत्र थे। हादसा मकान की दूसरी मंजिल पर हुआ। ब्लास्ट से पट्टियां टूट गईं। हादसा होते ही वहां चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। दोनों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार मंदिर परिसर में बने मकान की दूसरी मंजिल पर अभिषेक (16) पुत्र महेंद्र और उसके लालसोट निवासी चाचा राजेश (42) पुत्र लक्ष्मीनारायण किराए पर रहते हैँ। पहली मंजिल पर मंदिर के महंत गोविंद व्यास का निवास है जहां वे अपनी पत्नी 42 वर्षीय मंजू के साथ रहते हैं।

सुबह गैस की बदबू आने पर उन्होंने अभिषेक को इस बारे में बोला और तभी जोर के धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। सिलेंडर फटते ही मकान की पट्टियां टूट कर गिर गईं। हादसे के समय कमरे में मौजूद मंजू के ऊपर मलबा गिर गया और वे उसमें दब गईं। अभिषेक भी मलबे में दब गया। घर में राजेश भी मौजूद था जो बुरी तरह झुलस गया।

कुछ दिनों से लीक कर रहा था सिलेंडर

जानकारी के अनुसार अभिषेक का दो दिन से सिलेंडर लीक कर रहा था। इसको लेकर गोविंद ने अभिषेक व राजेश को टोका भी था। सुबह गैस की बदबू आने पर भी उन्होंने राजेश को टोका और तभी हादसा हो गया। माना जा रहा है कि सिलेंडर लीकेज चैक करने के लिए राजेश ने लाइट का स्विच ऑन किया होगा तभी लीक कर रहे सिलेंडर ने आग पकड़ ली और धमाका हो गया।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER