नई दिल्ली / दिल्ली के अनाज मंडी इलाके में आग का कहर, 35 लोगों की मौत, 15 की हालत नाजुक

AajTak : Dec 08, 2019, 10:14 AM
नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली के रानी झांसी रोड पर रविवार सुबह अनाज मंडी में भीषण आग लग गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुंची और बिना किसी देरी के आग को काबू में करने की कोशिश शुरू की। हालांकि इस मामले में 35 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इनमें 15 की हालत नाजुक बताई जा रही है।

आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। फिलहाल फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया है। इलाके में लोगों का रेस्क्यू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर हादसे पर दुख जताया है। जानकारी के मुताबिक अनाज मंडी में एक इमारत में आग लगी। आग इतनी भयानक थी कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 30 से ज्यादा गाड़ियां पहुंची। हालांकि देखते ही देखते आग बढ़ती ही चली गई।

घटना के बाद घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं अस्पताल की ओर से अब तक 35 लोगों की मौत की पुष्टि की जा चुकी है। अकेले एलएनजेपी अस्पताल में ही कुल 49 लोगों को लाया गया था। इनमें से 34 की मौत हो गई, जबकि 15 लोगों का उपचार चल रहा है। इनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक कई लोग 50 फीसदी से ज्यादा जल चुके हैं। साथ ही घायलों को 4 अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों को आरएमएल, एलएनजेपी, हिंदू राव और सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सुबह 5 बजे लगी आग

घटना सुबह 5 बजे की है। मंडी में एक तीन मंजिला बेकरी है। बेकरी की ऊपरी मंजिल पर आग लगी थी। जिसके बाद आग ने पूरी इमारत को ही अपनी चपेट में ले लिया। आग के चलते पूरा इलाका धुआं-धुआं हो गया। इलाके के काफी कन्जेस्टेड होने के चलते भी आग ज्यादा फैली। वहीं काफी संकरे इलाके में दमकल की गाड़ियों को पहुंचने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

इस घटना पर दिल्ली फायर सर्विस के डिप्टी चीफ फायर अधिकारी सुनील चौधरी ने बताया, 'आग पर काबू कर लिया गया है। दमकल की 30 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर हैं और राहत-बचाव का कार्य जारी है। फायर अधिकारियों ने इसे दिल्ली का सबसे बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन बताया है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER