DAUSA / महिला डॉक्टर ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट में लिखा-'मैं बच्चों से बहुत प्यार करती हूं मैंने किसी को नहीं मारा'

Zoom News : Mar 30, 2022, 11:51 AM
दौसा जिले में स्थित लालसोट शहर के कोथून रोड पर संचालित एक हॉस्पिटल की महिला चिकित्सक अर्चना शर्मा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनके अस्पताल में डिलीवरी के दौरान एक महिला की मौत हो गई थी। जिसके बाद परिजनों ने महिला डॉक्टर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया था। डॉक्टर इसी से आहत थीं।

डॉक्टर अर्चना शर्मा अपने पीछे दो बच्चों को पति के सहारे छोड़ गईं। महिला डॉक्टर के पास एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें उन्होंने लिखा कि मैंने कोई गलती नहीं की और मैंने किसी को नहीं मारा। मैं मेरे बच्चों और पति से बहुत प्यार करती हूं। 

पुलिस के अनुसार दौसा के लालसोट कस्बे में डॉक्टर अर्चना शर्मा के निजी अस्पताल में एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। इस पर परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के सामने प्रदर्शन किया। पुलिस द्वारा चिकित्सक के खिलाफ लालसोट थाने में मामला दर्ज करने के बाद मामला शांत हुआ। 

डॉक्टर के पति ने करवाया केस दर्ज

वहीं महिला चिकित्सक के पति डॉ. सुनित उपाध्याय ने लालसोट थाने में कुछ लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। कहा जा रहा है कि पुलिस ने इलाज में लापरवाही की रिपोर्ट की जगह हत्या का मामला दर्ज कर दिया। केवल रिपोर्ट में लापरवाही का जिक्र है। 

आंदोलन की राह पर उतरे डॉक्टर

लालसोट में महिला डॉक्टर के सुसाइड मामले ने हंगामा खड़ा कर दिया है। मामले के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन राजस्थान ने 24 घंटे बंद का एलान किया है। आज सुबह छह बजे से गुरुवार सुबह छह बजे तक प्रदेश के सभी निजी अस्पताल बंद रहेंगे। इमरजेंसी सेवा भी बंद रहेंगी।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER