अरुणाचल प्रदेश / 5 भारतीयों की रिहाई से पहले चीन का नया प्रोपेगैंडा, ग्लोबल टाइम्स ने बताया 'जासूस'

AajTak : Sep 12, 2020, 12:31 PM
Arunachal Pradesh: अरुणाचल प्रदेश से लापता 5 भारतीय नागरिकों की रिहाई के पहले चीन का एक नया प्रोपेगैंडा देखने को मिल रहा है। चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने सूत्रों के हवाले से दावा किया किया है कि ये पांच भारतीय खुफिया विभाग के आदमी हैं और चरवाहों के रूप में चीन की सीमा में आए हैं। 

बता दें कि अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुवानसिरी इलाके में 5 भारतीय नागरिक गलती से भारत की सीमा पार कर चीन की ओर से चले गए थे, यहां चीनी सैनिकों ने इन लोगों को कैद कर लिया है। जानकारी के मुताबिक चीन आज इन नागरिकों को भारतीय सेना को सौंपने वाला है। 

इसके बीच ग्लोबल टाइम्स में छपे एक लेख में चीन ने इन्हें जासूस बताया है और कहा है कि ये लोग दक्षिण तिब्बत में घुस गए थे। ग्लोबल टाइम्स ने वाहियात आरोप लगाते हुए कहा है कि भारत की ओर से इस तरह से खुफिया सूचना इकट्ठा करने लोगों को भेजा जाता है।   

ग्लोबल टाइम्स ने दावा किया है कि चीन ने इन्हें हिरासत में लेकर चेतावनी दी है। अखबार के मुताबिक चीन इन्हें भारतीय सैनिकों को सौंपने वाला है। 

बता दें कि ऐसा नहीं है कि भारतीय नागरिक ही चीनी सीमा में भूलवश चले गए हों। हाल ही में सिक्किम में 3 चीनी नागरिक रास्ता भटक कर भारतीय सीमा में घुस आए थे। भारतीय सेना ने इन चीनी नागरिकों का न सिर्फ इलाज किया और खाना दिया, बल्कि इन्हें सम्मान सहित चीनी सैनिकों को सौंप दिया। 

बता दें कि अरुणाचल प्रदेश के अपर सुबानसिरी जिले से 4 सितंबर को 5 भारतीय गलती से एलएसी के पारकर चीन की ओर चले गए थे। इन युवकों के नाम हैं, तोच सिंगकम, प्रसात रिंगलिंग, डोंग्टू इबिया, तनु बाकर और नगारु डिरी। चीन ने आज इन युवकों को भारत को सौंपने का वादा किया है। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER