स्पोर्ट्स / विश्व नंबर 2 नडाल ने 15 वर्षों में 12वीं बार जीता फ्रेंच ओपन

ROLAND-GARROS : Jun 10, 2019, 11:31 AM
पेरिस. स्पेन के टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ने रविवार रात 12वीं बार फ्रेंच ओपन के मेन्स सिंगल्स का खिताब जीता। दूसरी वरीयता प्राप्त नडाल ने फाइनल में चौथे वरीय ऑस्ट्रिया के डोमिनिक थिएम को 6-3, 5-7, 6-1, 6-1 से हराया। 33 साल के नडाल एक ग्रैंड स्लैम सबसे ज्यादा बार जीतने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले, यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की मार्गरेट कोर्ट के नाम था। मार्गरेट कोर्ट ने 11 बार ऑस्ट्रेलियन ओपन के वुमन्स सिंगल्स का खिताब जीता था। 

नडाल ने 18वां ग्रैंड स्लैम जीता

ओवरऑल बात करें तो नडाल का यह 18वां ग्रैंड स्लैम खिताब है। वे सबसे ज्यादा 20 ग्रैंड स्लैम जीतने के रोजर फेडरर के रिकॉर्ड से दो खिताब दूर हैं।

नडाल ने 15 साल में 12वीं बार फ्रेंच ओपन जीता। उनका टूर्नामेंट में जीत-हार का रिकॉर्ड 93-2 हो गया है। नडाल ने पिछले साल भी थिएम को हराकर ही खिताब जीता था।

वर्ल्ड नंबर-2 नडाल ने 2005 से 2008, 2010 से 2014 और 2017 से 2019 तक फ्रेंच ओपन के मेन्स सिंगल्स की ट्रॉफी अपने नाम की है। यह नडाल के करियर का 82वां टाइटल है। साथ ही यह उनके करियर की 950वीं जीत है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER