धौलपुर / देररात गांव में घूसे 15 से 20 बदमाशों ने की फायरिंग, गांववालों को आता देख भागे

Dainik Bhaskar : Aug 03, 2019, 04:26 PM
धौलपुर. शुक्रवार शनिवार की दरमियानी रात बसेड़ी थाना क्षेत्र के कटेलपुरा-महासुखपुरा गांव में फायरिंग के बाद दहशत मच गई। फायरिंग करने वाले बदमाशों की संख्या 15 से 20 बताई जा रही है। जो लूटपाट के इरादे से गांव में घुसे थे। ग्रामीणों के इकठ्ठा होने के बाद वे भाग निकले। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है। 

ग्रामीणों के अनुसार गांव की एक महिला शौच के लिए गई हुई थी। इस दौरान गांव में घुसी बदमाशों की गैंग ने उससे बदतमीजी की। जिसके बाद महिला ने चिल्लाना शुरू कर दिया। महिला की आवाज सुन कुछ गांववाले वहां पहुंच गए। भीड़ को देख बदमाशों ने फायरिंग करना शुरू कर दिया। फायरिंग की आवाज सुन पूरा गांव मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों की संख्या बढ़ते देख वे दूसरे गांव महासुखपुरा में भाग गए। वहां जब ग्रामीणों को पता चला की बदमाश उनके गांव में घुसे हैं तो लोग लाठी, डंडे लेकर उनके पीछे पड़ गए। ग्रामीणों को हथियारों के साथ आता देख बदमाशों की गैंग वहां से भी भाग निकली।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बसेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद सर्च अभियान चलाया गया। नाकाबंदी कर आसपास के खेतों में भी तलाशी ली गई, लेकिन बदमाश नहीं मिले।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER