राजस्थान में ग्रेड थर्ड शिक्षक भर्त / नवंबर में आएगा नोटिफिकेशन, जनवरी में परीक्षा संभव, 7500 पदों पर होगी भर्ती

राजस्थान में ग्रेड थर्ड शिक्षक भर्ती का इंतजार खत्म होने वाला है। 7500 पदों के लिए नवंबर में नोटिफिकेशन जारी होगा और परीक्षा जनवरी 2026 में प्रस्तावित है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड अध्यक्ष आलोक राज ने यह जानकारी दी, जिससे 6 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को राहत मिली है।

राजस्थान में रीट परीक्षा परिणाम जारी हुए पांच महीने से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन ग्रेड थर्ड शिक्षक। भर्ती का नोटिफिकेशन अब तक जारी नहीं हुआ था, जिससे 6 लाख से अधिक अभ्यर्थी बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। अब उनके लिए खुशखबरी है। भजनलाल सरकार 7500 पदों पर ग्रेड थर्ड शिक्षकों की भर्ती करने जा रही है, जिसका नोटिफिकेशन नवंबर महीने में जारी होने की संभावना है।

बोर्ड अध्यक्ष आलोक राज का बयान

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने बताया कि रीट परीक्षा के बाद ग्रेड थर्ड शिक्षकों की भर्ती के लिए कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। बोर्ड ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और अगले महीने नवंबर में भर्ती परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। इसमें फिलहाल 7500 पदों पर लेवल-1 और लेवल-2 दोनों में शिक्षकों की भर्ती प्रस्तावित है। परीक्षा अगले साल जनवरी में आयोजित की जाएगी।

पदों की संख्या में बढ़ोतरी की संभावना

आलोक राज ने यह भी बताया कि कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा पदों की संख्या में बढ़ोतरी को लेकर शिक्षा विभाग के अधिकारियों से बातचीत चल रही है। यदि पदों की संख्या बढ़ती है, तो नोटिफिकेशन नवंबर के आखिरी सप्ताह तक जारी कर दिया जाएगा। इस स्थिति में भर्ती परीक्षा की तारीख में मामूली बदलाव संभव है।

परीक्षा की संभावित तिथि

ग्रेड थर्ड शिक्षक भर्ती प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग, राजस्थान सरकार के अंतर्गत होगी, और इसकी भर्ती एजेंसी राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड है और आवेदन प्रक्रिया नवंबर में शुरू होने की पूरी संभावना है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के परीक्षा कैलेंडर के अनुसार, भर्ती परीक्षा 17 जनवरी 2026 से 21 जनवरी 2026 के बीच आयोजित होना प्रस्तावित है और पिछले साल फरवरी में रीट परीक्षा हुई थी और मई में रिजल्ट आया था, जिसमें 6 लाख 36 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी पास हुए थे।