गुजरात / कल मुख्यमंत्री रुपाणी रैली के दौरान बेहोश और आज कोरोना पॉजिटिव, अस्पताल में भर्ती कराया

Zoom News : Feb 15, 2021, 02:04 PM
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आपको बता दें कि कल वह वडोदरा में एक रैली को संबोधित करते हुए मंच पर गिर गए थे। उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कहा कि उनकी हालत स्थिर है।

बाद में उन्हें अहमदाबाद भेज दिया गया और यूएन मेहता अस्पताल में जांच के लिए ले जाया गया। अस्पताल से डिस्चार्ज करने से पहले उन्हें 24 घंटे तक देखरेख में रखा गया था। आपको बता दें कि कल गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की सभी रिपोर्ट सामान्य आई थी, लेकिन 24 घंटे तक उन्हें अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया था। सोमवार को अधिकारियों ने यह जानकारी दी थी। 

रूपाणी रविवार को वड़ोदरा के निजामपुरा इलाके में आगामी निकाय चुनाव के लिए एक रैली को संबोधित करते समय मंच पर बेहोश हो गए थे, जिसके बाद उन्हें अहमदाबाद ले जाया गया और वहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। यूएन मेहता अस्पताल के डॉ. आर. के. पटेल ने कल कहा था, ''मुख्यमंत्री थकान और पानी की कमी की वजह से बेहोश हो गए। हमने उनकी सभी जांच की और सभी रिपोर्ट सामान्य हैं।''

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को फोन पर रूपाणी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली थी। बयान के अनुसार, मोदी ने रूपाणी से नियमित जांच कराने और आराम करने को कहा था।

रूपाणी जिस रैली में बेहोश हुए, वह वड़ोदरा में रविवार को उनकी तीसरी राजनीतिक रैली थी। वड़ोदरा सहित छह नगर निगमों के चुनाव 21 फरवरी को होंगे, जबकि नगरपालिकाओं, जिला और तालुका पंचायतों के चुनाव 28 फरवरी को होंगे।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER