असम / हिमंत बिस्व सर्मा ने ली असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ

Zoom News : May 10, 2021, 01:08 PM
गुवाहाटी: हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार को असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथग्रहण समारोह में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ ही कई अन्य नेता भी मौजूद थे। सरमा को असम के राज्यपाल जगदीश मुखी ने शपथ दिलाई। 2 मई को असम चुनाव के नतीजों में बीजेपी को लगातार दूसरी बार जीत मिली थी।

रविवार को नॉर्थ ईस्ट डेमोक्रेटिक अलायंस (एनईडीए) के संयोजक हिमंत बिस्वा सरमा  सर्वसम्मति से बीजेपी विधायक दल के नेता चुने गए थे। 

शपथग्रहण समारोह में जाने से पहले सरमा ने आज डोल गोबिंदा मंदिर और कामाख्या मंदिर में जाकर दर्शन किए। वह असम की पिछली सरकार में स्वास्थ्य मंत्री थे। उस समय सर्बानंद सोनोवाल राज्य के सीएम थे।

हिमंत बिस्वा सरमा असम के 15वें मुख्यमंत्री बने हैं। श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में नए मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण हुआ। सरमा के साथ-साथ कई मंत्रियों को भी शपथ दिलाई गई।

हिमंत बिस्वा सरमा का जन्म 1 फरवरी, 1969 को हुआ। उनके पिता का नाम कैलाश नाथ सरमा और मां का नाम मृणालिनी देवी है। सरमा ने गुवाहाटी के कामरुप एकैडमी स्कूल से शुरुआती पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने गवर्नमेंट लॉ कॉलेज से एलएलबी की पढ़ाई की और फिर गुवाहाटी यूनिवर्सिटी से पीएचडी की डिग्री हासिल की। सरमा ने 1996 से 2001 के बीच गुवाहाटी हाई कोर्ट में लॉ की प्रैक्टिस भी की थी। 

सरमा ने पहली बार गुवाहाटी के जालुकबाड़ी से सनु 2001 में चुनाव लड़ा। उन्होंने यहां असम गण परिषद के नेता भृगु कुमार फुकान को हराया और उसके बाद से आज तक सरमा इस सीट पर जीत दर्ज करते आए हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER