IND vs ENG / इस मामले में नंबर-1 भारतीय बल्लेबाज बने जायसवाल- ध्वस्त किया सहवाग का 16 साल पुराना रिकॉर्ड

Zoom News : Feb 25, 2024, 06:00 AM
IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने कमाल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने 72 रनों की पारी खेली है। इससे पहले भी उन्होंने दूसरे और तीसरे टेस्ट मैच में दोहरा शतक लगाया था। जायसवाल शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और उनके बल्ले से खूब रन निकल रहे हैं। अब इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच में एक छक्का जड़ते ही जायसवाल ने वीरेंद्र सहवाग के 16 साल पुराने कीर्तिमान को ध्वस्त कर दिया है। 

जायसवाल ने लगाए इतने छक्के

यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच में 72 रनों की पारी खेली, जिसमें 8 चौके और एक छक्का शामिल था। जायसवाल भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट के एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। वह पहले नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने वीरेंद्र सहवाग को पीछे कर दिया है। सहवाग ने साल 2008 में टेस्ट क्रिकेट में 22 छक्के लगाए थे। वहीं यशस्वी जायसवाल ने साल 2024 में टेस्ट क्रिकेट में अभी तक 23 छक्के लगा दिए हैं। 

एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय प्लेयर: 

  • यशस्वी जायसवाल- 23 छक्के, साल 2024
  • वीरेंद्र सहवाग- 22 छक्के, साल 2008
  • ऋषभ पंत- 21 छक्के, साल 2022
  • रोहित शर्मा- 20 छक्के, साल 2019
  • मयंक अग्रवाल- 18 छक्के, साल 2019
ऐसा रहा है करियर

यशस्वी जायसवाल इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में अभी तक 618 रन बना चुके हैं। वह भारतीय बैटिंग ऑर्डर की अहम कड़ी बन चुके हैं। उन्होंने अभी तक टीम इंडिया के लिए 8 टेस्ट मैचों में 934 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने साल 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ डेब्यू किया था।

इंग्लैंड की टीम ने चौथे टेस्ट मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 353 रन बनाए। इसके बाद दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद टीम इंडिया ने 7 विकेट के नुकसान पर 219 रन बना लिए हैं। लेकिन टीम इंडिया अभी भी इंग्लैंड से 134 रनों से पीछे है। भारत के लिए यशस्वी जायसवाल ने 72 रन, शुभमन गिल ने 38 रनों का योगदान दिया। कप्तान रोहित शर्मा बड़ी पारी नहीं खेल पाए और 2 रन बनाकर आउट हो गए। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER