Coronavirus / भारत जीत रहा है कोरोना की जंग, पिछले 24 घंटे में आए इतने केस

Zoom News : Jan 07, 2021, 10:41 AM
Coronavirus: भारत में अब तक एक करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना संक्रमण मात देकर ठीक हो चुके हैं। कोरोना संक्रमितों की संख्या में भी पहले से गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते दिन भी भारत में अमेरिका, ब्राजील, ब्रिटेन, जर्मनी, फ्रांस, रूस, साउथ अफ्रीका से कम केस आए हैं। पिछले 24 घंटे में 20,346 नए संक्रमित मरीज आए हैं, 222 लोग कोरोना से जिंदगी की जंग हार गए। अच्छी बात ये है कि बीते दिन 19,587 मरीज कोरोना से ठीक भी हुए हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारत में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 1 करोड़ तीन लाख 95 हजार हो गए हैं। इनमें से अब तक एक लाख 50 हजार 336 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। कुल एक्टिव केस घटकर 2 लाख 28 हजार पर आ गए। अब तक कुल एक करोड़ 16 हजार लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं।

करीब 18 करोड़ कोरोना टेस्ट

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के मुताबिक, छह जनवरी तक कोरोना वायरस के लिए कुल 17 करोड़ 84 लाख कोरोना के सैंपल टेस्ट किए गए, जिनमें से 9.37 लाख सैंपल कल टेस्ट किए गए। देश में पॉजिटिविटी रेट सात फीसदी है। 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना वायरस के 20,000 से कम सक्रिय मामले हैं। कोरोना वायरस के कुल सक्रिय मामलों में 40 फीसदी मामले केरल और महाराष्ट्र से हैं।

मृत्यु दर और रिकवरी रेट

महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल में सबसे ज्यादा रिकवरी हुई है। कुल रिकवरी के 52 फीसदी मामले इन्हीं पांच राज्यों में है। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना वायरस का रिकवरी रेट 90 फीसदी से ज्यादा है। राहत की बात है कि मृत्यु दर और एक्टिव केस रेट में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.45 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट 96 फीसदी से ज्यादा है। एक्टिव केस 2.19 फीसदी है।

सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में हैं। एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का 11वां स्थान है। कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत दुनिया का दूसरा सबसे प्रभावित देश है। रिकवरी दुनिया में अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा भारत में हुई है। मौत के मामले में अमेरिका और ब्राजील के बाद भारत का नंबर है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER