IPL 2022 / पैट कमिंस ने बनाया तूफानी अर्धशतक, 14 गेंदों पर ठोके 50 रन, कोलकाता को मिली जीत

Zoom News : Apr 06, 2022, 10:53 PM
IPL 2022 में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबले में पैट कमिंस की शानदार बल्लेबाजी के दम पर KKR को 5 विकेट से जीत मिल गई। पैट कमिंस ने IPL इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक जमाने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। 15 गेंद पर 56 रन बनाने वाले कमिंस ने 14 गेंदों पर 50 रन पूरे कर लिए और केएल राहुल के 4 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। राहुल ने 2018 IPL में पंजाब की ओर से खेलते हुए दिल्ली के खिलाफ 14 गेंदों पर फिफ्टी जमाई थी।


टी-20 क्रिकेट में सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड भारत के युवराज सिंह के नाम है। युवराज ने 2007 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 12 गेंदों पर अर्धशतक जमाया था। युवी ने उस पारी में स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में 6 छक्के जमाए थे।


नहीं चला रहाणे-अय्यर का बल्ला

कोलकाता के सलामी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने 7 रन बनाने के लिए 11 गेंदों का सामना किया। रहाणे का विकेट टाइमल मिल्स ने लिया। वहीं, श्रेयस अय्यर सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें डेनियल सैम्स ने अपना शिकार बनाया।


MI ने 20 ओवर में बनाए 161 रन

मुंबई की टीम ने खराब शुरुआत के बावजूद 20 ओवर में 161 रन बना लिए। IPL 2022 में पहला मुकाबला खेल रहे सूर्य कुमार यादव का बल्ला मैच में खूब चला। उन्होंने सिर्फ 36 गेंद में 52 रन बना दिए।

वहीं, उनका साथ तिलक वर्मा ने खूब दिया। इस युवा सनसनी ने सिर्फ 27 गेंद में 38 रन बनाए। आखिरी ओवरों में पोलार्ड ने तो अपने बल्ले से तहलका ही मचा दिया। उन्होंने 5 गेंद का सामना किया और 22 रन जड़ दिए। उनका स्ट्राइक रेट 440.00 का था।


नहीं चला 15 करोड़ी ईशान का बल्ला

IPL ऑक्शन में 15.25 करोड़ में बिके ईशान किशन कोलकाता के खिलाफ कुछ खास नहीं कर पाए। ऐसा लग रहा था कि ये खिलाड़ी टेस्ट मैच खेल रहा है। किशन ने 21 गेंद में 14 रन बनाए। उन्हें IPL 2022 में अपना पहला मैच खेल रहे पैट कमिंस ने आउट किया।


रोहित भी रहे फ्लॉप

मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा 12 गेंद पर सिर्फ 3 रन बनाकर उमेश यादव की गेंद पर आउट हुए। उमेश ने रोहित को पांचवीं बार आउट किया है।


जूनियर एबी की छोटी लेकिन अच्छी पारी

अपना पहला मैच खेल रहे डेवाल्ड ब्रेविस (बेबी एबी) 18 गेंद में 29 रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती का शिकार बने। उन्होंने अपनी 29 रन की पारी में 2 चौके और 2 छक्के जड़े दिए। उनका स्ट्राइक रेट 152.63 का था। आने वाले मैचों में इस खिलाड़ी का बल्ला आग उगल सकता है।


पांच बार की चैंपियन मुंबई को सीजन की पहली जीत की तलाश है। उसे लगातार दो मुकाबलों में हार मिली है। वहीं, कोलकाता की टीम 3 में से 2 मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है। अगर श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम आज जीत हासिल करती है तो वह राजस्थान रॉयल्स को पीछे छोड़कर नंबर-1 बन जाएगी।


जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज रसिख सलाम कोलकाता के लिए पहला मैच खेलेंगे। वे आईपीएल खेलने वाले जम्मू कश्मीर के चौथे क्रिकेटर हैं। उन पर बीसीसीआई ने बर्थ सर्टिफिकेट के कारण दो साल का बैन भी लगाया था। वहीं, मुंबई के लिए 19 साल के युवा साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस को डेब्यू करने का मौका मिला है। ब्रेविस को बेबी एबी भी कहा जाता है।


दोनों टीमों की प्लेइंग 11

मुंबई इंडियंसः रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, किरोन पोलार्ड, डेवाल्ड ब्रेविस, डेनियल सैम्स, मुरुगन अश्विन, जसप्रीत बुमराह, टायमल मिल्स और बासिल थंपी।

कोलकाता नाइट राइडर्सः श्रेयस अय्यर (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, वेंकटेश अय्यर, सैम बिलिंग्स, नीतीश राणा, आंद्रे रसेल, सुनील नरेन, पैट कमिंस, उमेश यादव, वरुण चक्रवर्ती और रसिख सलाम।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER