मध्य प्रदेश / मध्यप्रदेश की 29 लोकसभा सीटों पर मतगणना शुरू, भोपाल पर देशभर की निगाहें

Dainik Bhaskar : May 23, 2019, 08:35 AM
भोपाल. प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर आज सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो गई है। सबसे रोचक मुकाबला भोपाल संसदीय सीट पर है। यहां पर भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर का मुकाबला पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह से है। नई व्यवस्था के मुताबिक परिणाम देर शाम तक आने का अनुमान है। चुनावी इतिहास में पहली बार प्रदेश में चार चरणों में हुए मतदान में कुल 71.2 फीसदी मतदान हुआ, जो कि 2014 की तुलना में 9.63 फीसदी अधिक था।

2014 के लोकसभा भाजपा को 27 सीटों पर जीत मिली थी। कमलनाथ छिंदवाड़ा और ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना सीट से चुनाव जीते थे। इस बार कमलनाथ सीएम बन चुके हैं और अपनी सीट से अपने बेटे नकुलनाथ को मैदान में उतारा है। मुख्यमंत्री कमलनाथ छिंदवाड़ा से पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

भास्कर एग्जिट पोल : मध्यप्रदेश में भाजपा ने आधे से ज्यादा चेहरे बदल विधानसभा चुनाव में दिखी लोगों की नाराजगी को कम करने का प्रयास किया। उधर, कांग्रेस के कमलनाथ-ज्योतिरादित्य अपनी सीट के आस-पास ही प्रभावी रहे। भास्कर सर्वे के मुताबिक,  प्रदेश में भाजपा को 23 और कांग्रेस को 6 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। अन्य चैनल्स के सर्वे में भी कुछ-कुछ ऐसी ही तस्वीर का अनुमान लगाया गया है।

वोटर हेल्पलाइन एप, सुविधा: निर्वाचन आयोग ने results.eci.gov.in पर रिजल्ट अपडेट देखने की व्यवस्था की है। इसी के साथ वोटर हेल्प लाइन एप बनाया है। इस एप के माध्यम से कोई भी आम नागरिक या मतदाता मतगणना के परिणाम देख सकते हैं। गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करना होगा।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER