कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तमिलनाडु में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विवादित टिप्पणी की। उन्होंने प्रधानमंत्री को 'आतंकवादी' कहकर संबोधित किया। हालांकि, इस बयान के बाद मचे बवाल पर उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उनके कहने का यह मतलब नहीं था। खरगे ने स्पष्ट किया कि वह यह कहना चाह रहे थे कि प्रधानमंत्री लोगों को आतंकित करते हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में खरगे के शब्द
तमिलनाडु में मीडिया से बात करते हुए खरगे ने कहा, 'ये AIADMK के लोग जो खुद अन्नादुरई की फोटो लगाते हैं, वो मोदी के साथ कैसे जुड़ सकते हैं? वह एक आतंकवादी हैं। उनकी पार्टी समानता और न्याय में विश्वास नहीं करेगी।
बयान पर खरगे की सफाई
अपनी टिप्पणी पर विवाद बढ़ने के बाद खरगे ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा, 'वह (PM मोदी) लोगों और राजनीतिक पार्टियों को डरा रहे हैं। मैंने कभी नहीं कहा कि वह आतंकवादी हैं। मेरा मतलब है, मैं साफ करना चाहता हूं कि मोदी हमेशा धमकी देते हैं। ईडी (ED), आईटी (IT) और सीबीआई (CBI) जैसी संस्थाएं उनके हाथ में हैं।
भाजपा का कड़ा विरोध और संबित पात्रा का हमला
खरगे के इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कड़ी आपत्ति जताई है और भाजपा नेता संबित पात्रा ने इसे निंदनीय बताते हुए कहा कि यह कांग्रेस पार्टी की मानसिकता को दर्शाता है। पात्रा ने कहा, 'यह कोई जुबान फिसलना नहीं है। भले ही वह कोई सफाई दे रहे हों लेकिन याद रखिए, यह कांग्रेस पार्टी की एक सोची-समझी साजिश है।
कांग्रेस के पुराने संदर्भों पर भाजपा का प्रहार
संबित पात्रा ने कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए पुराने मामलों का जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'यह वही कांग्रेस है जो जाकिर नाइक को शांतिदूत कहती है। यह वही कांग्रेस पार्टी है जो ओसामा बिन लादेन को ‘ओसामा जी’ कहती है।
जनता देगी जवाब: भाजपा
भाजपा ने चेतावनी देते हुए कहा कि देश की जनता इस अपमान का बदला लेगी। संबित पात्रा ने कहा, 'कांग्रेस पार्टी को याद रखना चाहिए कि जब भी कांग्रेस पार्टी ने प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया है, भारत की जनता ने उसे सजा दी है।
