- फ्रांस,
- 08-Jun-2019 09:54 AM IST
खेल डेस्क. स्पेन के राफेल नडाल ने फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में तीसरी वरीयता प्राप्त स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर को हरा दिया। वे 26वीं बार ग्रैंडस्लैम के फाइनल में पहुंचे। दूसरी वरीयता प्राप्त नडाल ने फेडरर को सीधे सेटों में 6-3, 6-4 और 6-2 से हराया। दोनों खिलाड़ी आठ साल बाद सेमीफाइनल में आमने-सामने थे। पिछली बार भी 2011 में नडाल ने फेडरर को हराया था। फाइनल में नडाल का मुकाबला सर्बिया के नोवाक जोकोविच और ऑस्ट्रिया डोमिनिक थिएम के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।नडाल 11 बार फ्रेंच ओपन का खिताब जीत चुके हैं। फाइनल में उनकी नजर 12वें खिताब पर होगी। दूसरी ओर, फेडरर का 10 साल बाद फ्रेंच ओपन जीतने का सपना टूट गया। वे 2009 में चैम्पियन बने थे। तब उन्होंने फाइनल में स्वीडन के रॉबिन सोडरलिंग को हराया था।नडाल ने फेडरर को 24वीं बार हरायादोनों खिलाड़ियों के बीच यह कुल मिलाकर 39वां मुकाबला था। 24 बार नडाल ने जीत मिली। फेडरर सिर्फ 15 मुकाबले जीत सके। फ्रेंच ओपन में नडाल ने फेडरर को छठी बार हराया। नडाल 17 ग्रैंडस्लैम खिताब जीत चुके हैं। इनमें उनके नाम 11 फ्रेंच ओपन, एक ऑस्ट्रेलियन ओपन, दो विंबलडन और तीन यूएस ओपन खिताब है। फ्रेंच ओपन में नडाल ने 94 मैच खेले। इनमें वे सिर्फ दो में ही हारे। 74 मुकाबलों में वे 3-0 से जीते। इस दौरान सिर्फ 26 बार वे कोई सेट हारे।
