अयोध्या / नवरात्रि के पहले दिन चांदी के सिंहासन में विराजे रामलाल, चढ़ा छप्पन भोग का प्रसाद

Live Hindustan : Mar 25, 2020, 10:47 AM
अयोध्या | अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि में विराजमान रामलला नवरात्रि के पहले दिन अस्थाई मंदिर में शिफ्ट हो गए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को शुभ मुहूर्त में चांदी के सिंहासन में रामलला को बैठाकर अस्थाई मंदिर में  विराजमान कराया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच रामलला की आरती उतारी गई। रामलला के शिफ्टिंग के दौरान कोरोना  से सतर्कता का भी ख्याल रखा गया। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा पालन किया गया।

रामलला अस्थाई मंदिर में शिफ्टिंग के पहले रामलला को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की तरफ से भेजे गए छप्पन भोग का प्रसाद समर्पित कर राष्ट्र समाज पर आये संकट से मुक्ति और कल्याण की प्रार्थना की गई। केशव प्रसाद मौर्य ने लाइव हिन्दुस्तान से कहा कि भक्त का भाव भगवान के प्रति समर्पण का है।प्रभु से प्रार्थना है कि वह पुजारी के माध्यम से इसे स्वीकार करें और राष्ट्र समाज पर कोरोना वायरस के रूप में आई इस महामारी से मुक्ति के साथ सभी का कल्याण करें।

11 लाख का दिया चेक :

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामजन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय को 11 लाख रुपए का चेक सौँपा। मुख्यमंत्री की ओर से दी गई यह धनराशि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के खाते में जमा होगी।

पूजा के बाद गोरखपुर रवाना हुए सीएम : 

आरती व पूजन के बाद सीएम योगी गोरखपुर के लिए रवाना हो गए। इस दौरान राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास , महामंत्री चम्पत राय , ट्रस्ट के सदस्यगण निर्मोही अखाड़ा के महंत दिनेन्द्र दास , अयोध्या राज परिवार के मुखिया विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र , राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह डॉ. अनिल मिश्र , जिलाधिकारी अनुज झा सहित संत व महंत मौजूद रहे। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER