देश इस साल अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस बेहद उत्साह और राष्ट्रीय गौरव के साथ मनाने जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और राष्ट्र को संबोधित करेंगे। इस वर्ष के स्वतंत्रता दिवस समारोह का मुख्य केंद्र बिंदु युवा शक्ति और 2047 तक विकसित भारत के निर्माण की यात्रा रहने वाली है। सरकार का उद्देश्य देश की युवा पीढ़ी को इस विकास यात्रा के साथ जोड़ना और उन्हें भविष्य के भारत का नेतृत्व करने के लिए प्रेरित करना है।
वंदे मातरम् के 150 वर्ष का विशेष उत्सव
इस साल का समारोह एक और विशेष कारण से महत्वपूर्ण है, क्योंकि वंदे मातरम् के 150 साल पूरे हो रहे हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि को यादगार बनाने के लिए स्वतंत्रता दिवस समारोह में पहली बार लाल किले की प्राचीर से वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा। लाल किले की प्राचीर के दोनों तरफ की जाने वाली फूलों की सजावट में भी वंदे मातरम् की थीम को प्रमुखता से दर्शाया जाएगा, जो राष्ट्रभक्ति के इस माहौल को और भी भव्य बनाएगा।
युवा शक्ति का प्रदर्शन और वायुसेना की पुष्पवर्षा
लाल किले के सामने स्थित ज्ञान पथ पर एनसीसी (NCC) और मेरा युवा भारत के करीब 2500 छात्र-छात्राएं और स्वयंसेवक एकत्र होंगे और वंदे मातरम् की एक विशाल आकृति बनाएंगे। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद, ये एनसीसी कैडेट और मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का गायन करेंगे। इसके तुरंत बाद राष्ट्रगान होगा। राष्ट्रगीत के दौरान वहां मौजूद सभी लोगों को सावधान की मुद्रा में खड़े होने का निर्देश दिया जाएगा और वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने की स्मृति में भारतीय वायुसेना का एक हेलिकॉप्टर विशेष बैनर लेकर लाल किले के ऊपर से उड़ान भरेगा और वहां उपस्थित जनसमूह पर पुष्पवर्षा करेगा।
देशभर में 343 स्थानों पर बैंड प्रदर्शन
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि पूरे देश में उत्सव का माहौल रहेगा। 8 से 15 अगस्त के बीच देशभर के 343 प्रमुख स्थानों पर विशेष बैंड प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। इन प्रदर्शनों में सेना, नौसेना, वायुसेना, भारतीय तटरक्षक बल, एनसीसी, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एसएसबी, बीएसएफ, आईडीएस, आरपीएफ और असम राइफल्स के बैंड अपनी प्रस्तुतियां देंगे और इस बार समारोह में भारत की युवा प्रतिभाओं को विशेष सम्मान दिया गया है। 2026 के इंटरनेशनल फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और मैथेमेटिक्स ओलंपियाड में 19 पदक जीतने वाले छात्रों को समारोह में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
युवाओं और लाभार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था
लाल किले की प्राचीर पर युवा छात्रों के बैठने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। इसके अलावा, युवा इनोवेटर्स, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के इंटर्न, स्टार्टअप्स से जुड़े युवा, पीएम कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षित युवा, माई भारत (MY Bharat) वॉलंटियर्स और विभिन्न सरकारी योजनाओं के युवा लाभार्थियों को भी विशेष अतिथि के तौर पर बुलाया गया है। दिल्ली सरकार के स्कूलों के उन मेधावी छात्रों को भी आमंत्रित किया गया है जिन्होंने विभिन्न क्विज और प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
विकसित भारत @2047 की भव्य झलक
समारोह के दौरान भारत की न्यूक्लियर टेक्नोलॉजी, अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीकी क्षेत्र में हुई प्रगति का प्रदर्शन किया जाएगा। गार्ड ऑफ ऑनर क्षेत्र में विशेष फूलों की सजावट और बैकड्रॉप के माध्यम से भारत की विकास यात्रा और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को दर्शाया जाएगा। इस निर्माण में योगदान देने वाले विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिनमें पीएम मुद्रा योजना की महिला उद्यमी, पीएम आवास योजना (शहरी) के लाभार्थी, वैज्ञानिक, इनोवेटर्स, भारत टैक्सी के सारथी, पीएम सूर्य घर योजना के लाभार्थी और पीएम विश्वकर्मा योजना के कारीगर व किसान शामिल हैं।
झीलों के नाम पर एनक्लोजर और अन्य सुविधाएं
इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में बैठने के एनक्लोजर के नाम भारत की प्रमुख झीलों के नाम पर रखे गए हैं। इससे पहले गणतंत्र दिवस पर इन्हें नदियों के नाम दिए गए थे और 15 अगस्त के दिन दिल्ली मेट्रो सेवा सुबह 4 बजे से शुरू हो जाएगी और आमंत्रित अतिथियों के लिए यह सेवा मुफ्त रहेगी। आगंतुकों की सहायता के लिए मेरा युवा भारत और एनसीसी के करीब 200 स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। जरूरतमंदों के लिए व्हीलचेयर, क्लोक रूम, पीने का पानी, शौचालय और बारिश से बचाव के लिए रेन पोंचो जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। पार्किंग की जानकारी गूगल मैप्स और मैपल्स पर उपलब्ध होगी और रास्तों पर पर्याप्त साइनबोर्ड लगाए जाएंगे।
