दिल्ली / बीपी को पछाड़कर पूंजीकरण के लिहाज़ से दुनिया की छठी सबसे बड़ी तेल कंपनी बनी रिलायंस

मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज़ ₹9.90 लाख करोड़ के पूंजीकरण के साथ ब्रिटिश पेट्रोलियम (बीपी, ₹9.46 लाख करोड़) को पछाड़कर दुनिया की छठी सबसे बड़ी तेल कंपनी बन गई है। दरअसल, 2019 में रिलायंस के शेयर 40% चढ़े हैं। बतौर ब्लूमबर्ग बिलिनेयर्स इंडेक्स, अलीबाबा के जैक मा को पछाड़कर अंबानी एशिया के सबसे अमीर शख्स बन गए हैं।

रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप मंगलवार को 9.5 लाख करोड़ रुपए से ऊपर पहुंच गया। रिलायंस इतना वैल्यूएशन हासिल करने वाली देश की पहली कंपनी बन गई। शेयर बाजार बंद होने पर बीएसई पर वैल्यूएशन 9.57 लाख करोड़ रुपए रहा। रिलायंस 18 अक्टूबर को 9 लाख करोड़ रुपए पर पहुंची थी। उतने वैल्यूएशन का रिकॉर्ड भी अभी रिलायंस के ही नाम है। मार्केट कैप में दूसरी बड़ी कंपनी टीसीएस की वैल्यू 7.91 लाख करोड़ रुपए है।

रिलायंस के शेयर में इस साल 34% बढ़त

रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में मंगलवार को करीब 4% तेजी आई। इससे मार्केट कैप तेजी से बढ़ा। बीएसई पर शेयर 3.5% बढ़त के साथ 1,509.80 रुपए पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान 3.87% चढ़कर 1,514.95 रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा। इस साल शेयर 34% चढ़ चुका है। रिलायंस पिछले साल अगस्त में 8 लाख करोड़ रुपए के मार्केट कैप पर पहुंची थी। इस मामले में भी वो देश की पहली कंपनी बनी थी।

रिलायंस अगले 2 साल में 200 अरब डॉलर तक पहुंच सकती है: रिपोर्ट

ब्रोकरेज फर्म बैंक ऑफ अमेरिका मेरिल लिंच ने पिछले महीने ये रिपोर्ट जारी की। इसके मुताबिक रिलायंस के न्यू कॉमर्स और ब्रॉडबैंड बिजनेस की मदद से अगले 24 महीने में कंपनी का मार्केट कैप 200 अरब डॉलर (14.40 लाख करोड़ रुपए) तक पहुंच सकता है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER