बॉलीवुड / रिया चक्रवर्ती 2021 में वापसी की कर रही हैं तैयारी, सुशांत सुसाइड केस में गयी थी जेल

Zoom News : Dec 31, 2020, 12:05 PM
बॉलीवुड: ड्रग्स केस में जेल जा चुकीं सुशांत सिंह राजपूत की एक्स-गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती 2021 में वापसी कर सकती हैं। एक्ट्रेस के करीबी फिल्म डायरेक्टर रूमी जाफरी ने कहा कि रिया अगले साल वापसी करने की तैयारी कर रही हैं। रूमी ने कहा कि यह साल रिया के लिए बेहद खराब रहा है। रूमी ने कहा, 'यह साल रिया के लिए बहुत कष्टदायक रहा है। यूं तो हर किसी के लिए यह साल बुरा साबित हुआ है, लेकिन रिया के लिए बेहद परेशानी वाला रहा है। क्या आप कल्पना भी कर सकते हैं कि एक मिडिल क्लास फैमिली की वह लड़की जो अच्छा कर रही हो, उसे एक महीना जेल में बिताना पड़ जाए।'

रूमी ने कहा कि जेल जाने के चलते रिया चक्रवर्ती का हौसला बुरी तरह से टूट गया था। रूमी ने SpotboyE से बातचीत करते हुए कहा कि मैं हाल ही में रिया चक्रवर्ती से मिला था। वह बेहद शांत थी, ज्यादा बात नहीं करना चाहती थी। उसके साथ जो हुआ है, उसके बाद उसे इस तरह के बर्ताव के लिए ब्लेम नहीं किया जा सकता। इस मामले को थमने दीजिए। मुझे पक्का विश्वास है कि रिया को बहुत सी बातें कहनी हैं। रूमी ने कहा कि रिया उस संकट से उबरते हुए खुद को दोबारा खड़ा करने की कोशिश में जुटी है।

ड्रग्स केस में रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शौविक को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की ओर से गिरफ्तार कर लिया गया था। इसके बाद रिया को एक महीने का वक्त जेल में गुजारना पड़ा था। बॉम्बे हाई कोर्ट की ओर से जमानत याचिका मंजूर किए जाने के बाद रिया चक्रवर्ती जेल से बाहर आई थीं। सुशांत सिंह राजपूत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद से ही रिया चक्रवर्ती पर निशाना साधा जा रहा था। वह सुशांत सिंह राजपूत के साथ रिलेशनशिप में थीं। बता दें कि हाल ही में रिया चक्रवर्ती के वकील सतीश मान शिंदे ने सीबीआई से अपील की थी कि उसने अब तक इस मामले में जो जांच की है, उसके नतीजे सामने रखे।

मान शिंदे का कहना था कि रिया को फर्जी केस में फंसाया गया था। सतीश ने कहा था कि इस केस की जांच सीबीआई के हाथों में है। 6 महीने से ज्यादा वक्त गुजर चुका है और अब उसे जांच के नतीजे लोगों के सामने रखने चाहिए। रिया चक्रवर्ती के वकील का कहना है कि कोई भी एजेंसी जांच कर ले, लेकिन सच एक ही रहेगा।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER