मनोरंजन / सुषमा के निधन की खबर सुन इमोशनल हुए धर्मेंद्र, लिखा- अनाड़ी कहकर सीने से लगा लेती थीं

Dainik Bhaskar : Aug 07, 2019, 05:29 PM
बॉलीवुड डेस्क. भाजपा नेता और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर वेटरन एक्टर धर्मेंद्र ने इमोशनल पोस्ट के जरिए उन्हें याद किया है। उन्होंने लिखा है, "अनाड़ी सियासतदान कह कर सीने से लगा लेतीं थीं मुझे। सुषमा जी दुनियाभर की चहेती , भारत की महान नेता, मेरी छोटी बहन बहुत याद आएंगी आप। भगवान आप की आत्मा को शांति दे।" मंगलवार रात दिल का दौरा पड़ने से सुषमा का निधन हुआ। वो 67 साल की थीं। 

हेमा मालिनी ने भी किया याद

धर्मेंद्र की पत्नी एक्ट्रेस और भाजपा नेत्री हेमा मालिनी ने भी सुषमा को याद किया है। उन्होंने लिखा है, "सुषमा जी ने हमेशा मेरे नृत्य खासकर मेरी 'गंगा' की प्रस्तुति की सराहना की, जिसके बारे में वो सार्वजानिक रूप से उत्साह के साथ बात करती थीं। वो एक सुंदर महिला थीं, जिनका अपना एक ऑरा था।  उन्होंने कैबिनेट में एक वरिष्ठ मंत्री के रूप में बेहतरीन काम किया, जहां कि वो पुरुषों से घिरी रहती थीं। आप बहुत याद आएंगी सुषमाजी।"

बेहद दुखी हूं: अक्षय कुमार

अक्षय कुमार ने सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा है, "सुषमा स्वराज जी के निधन की खबर सुनकर बेहद दुखी हूं। वो डायनामिक नेत्री थीं। ऐसी महिला थीं, जिनका सम्मान और तारीफ सभी करते थे। मेरी भावनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार के साथ हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।"

अजय देवगन ने भी दुख जाहिर किया

अजय देवगन ने लिखा है, "सुषमा स्वराज जी के असमय निधन से विचलित हूं। वो डायनामिक और प्रभावशाली नेता थीं। यह सम्पूर्ण राष्ट्र की क्षति है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।"

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER