By Election Result / कांग्रेस में मचा उपचुनाव में हार के बाद हड़कंप, प्रदेश अध्यक्ष शक्ति सिंह ने दिया इस्तीफा

गुजरात की दो विधानसभा सीटों के उपचुनाव में बीजेपी ने कडी और आम आदमी पार्टी ने विसावदर सीट जीती। कांग्रेस को दोनों जगह हार मिली, जिसके बाद प्रदेश अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहिल ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे दिया। गोपाल इटालिया और राजेंद्र चावड़ा को बड़ी जीत मिली।

By Election Result: गुजरात की दो विधानसभा सीटों — विसावदर और कडी — पर हाल ही में हुए उपचुनावों के नतीजे सामने आ गए हैं, जिनमें आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) को एक-एक सीट पर जीत मिली है। इन परिणामों ने जहां दोनों विजयी दलों को मजबूती दी है, वहीं कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। पार्टी की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहिल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

शक्ति सिंह गोहिल ने दिया इस्तीफा

कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद शक्ति सिंह गोहिल ने नतीजों के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने इस्तीफे का ऐलान किया। उन्होंने कहा, "उपचुनाव के नतीजे हमारी उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहे। इसलिए मैंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है।" गोहिल को जून 2023 में प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था, ताकि 2024 के आम चुनावों में पार्टी का प्रदर्शन सुधारा जा सके।

AAP की विसावदर में बड़ी जीत

विसावदर सीट पर आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने भाजपा के किरीट पटेल को 17,554 वोटों के अंतर से हराकर पार्टी को गुजरात में एक बार फिर मजबूती दिलाई है। चुनाव आयोग के अनुसार गोपाल इटालिया को 75,942 वोट मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार को 58,388 वोट प्राप्त हुए।

BJP ने कडी सीट पर मारी बाजी

वहीं अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित मेहसाणा जिले की कडी सीट पर भाजपा के राजेंद्र चावड़ा ने कांग्रेस के रमेश चावड़ा को करारी शिकस्त दी। राजेंद्र चावड़ा को 99,742 वोट मिले, जबकि रमेश चावड़ा 60,290 वोटों पर सिमट गए। भाजपा के लिए यह जीत संगठन के मजबूत जनाधार का संकेत है।

राजनीतिक समीकरणों में बदलाव

इन उपचुनावों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि गुजरात की राजनीति में अब मुकाबला त्रिकोणीय होता जा रहा है। जहां बीजेपी अपनी पकड़ बरकरार रखे हुए है, वहीं आम आदमी पार्टी विपक्ष में कांग्रेस की जगह धीरे-धीरे मजबूत विकल्प बनती नजर आ रही है। कांग्रेस के लिए यह परिणाम एक गंभीर आत्ममंथन का संकेत हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER