गुड़ी पड़वा पर मुंबई को सौगात / दो अप्रैल से शुरू होगी मेट्रो की दो नई लाइन, आठ साल बाद महानगर में नई शुरुआत

Zoom News : Mar 31, 2022, 09:48 AM
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में लोकल ट्रेन महानगर की लाइफ लाइन है तो मेट्रो शहरी परिवहन में नए आयाम जोड़ रही है। दो अप्रैल को गुड़ी पड़वा (हिंदू नववर्ष) के अवसर पर मुंबई मेट्रो की दो नई लाइनों पर परिवहन शुरू होगा। 

25 मार्च को रेलवे सुरक्षा आयुक्त ने नई लाइनों पर अधिकतम 70 किलोमीटर की रफ्तार से मेट्रो ट्रेन चलाने की इजाजत दे दी। इसके बाद मुंबई मेट्रोपोलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MMRDA) ने इन नए कॉरिडोर को 3 अप्रैल से रोजाना सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक आंशिक रूप से खोलने का फैसला किया। 

मुंबई मेट्रो-2A दहीसर से दहाणुकरवाड़ी तक चलेगी। वहीं मेट्रो-7 दहीसर से आरे कॉलोनी के बीच चलेगी। इसके साथ ही मुंबई मेट्रो के नेटवर्क की लंबाई मौजूदा 12 किलोमीटर से बढ़कर 50 किलोमीटर हो जाएगी। मेट्रो-2ए कॉरिडोर लिंक रोड पर दहिसर (पूर्व) से डीएन नगर (अंधेरी पश्चिम) तक है, जबकि मेट्रो -7 पश्चिमी एक्सप्रेस हाईवे पर दहिसर (पूर्व) से अंधेरी (पूर्व) तक है। इसका काम अक्तूबर तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद इन दोनों नई लाइनों पर मेट्रो की दौड़ पूरी तरह शुरू हो जाएगी। 

एमएमआरडीए के अधिकारी ने बताया कि हमने इन दोनों लाइनों पर गुड़ी पड़वा से आंशिक रूप से मेट्रो संचालन का फैसला किया है। रोजाना इन लाइनों पर 18 घंटे मेट्रो चलेगी। नई लाइनों पर चलने वाली मेट्रो में छह—छह कोच होंगे। ये 10—10 मिनट के अंतराल से चलेंगी। किराया 10 से 40 रुपये तक होगा। इससे रोजाना करीब 10 लाख यात्रियों को आवाजाही में सुविधा होगी। इसके साथ ही महानगर की सड़कों पर वाहनों का दबाव भी कम होगा और लोकल ट्रेनों व बेस्ट की बसों में भी भीड़ कम होगी। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER