अमेरिकी सेना ने हिंद महासागर में ईरान से जुड़े एक तेल टैंकर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सेना ने यह कार्रवाई श्रीलंका और इंडोनेशिया के बीच के समुद्री क्षेत्र में अंजाम दी है और इस सैन्य कार्रवाई का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अमेरिकी रक्षा विभाग की इस कार्रवाई की पुष्टि की गई है।
मैजेस्टिक X की जब्ती और रक्षा विभाग का बयान
अमेरिकी सेना ने गुरुवार को ईरान के तेल की तस्करी से जुड़े एक और टैंकर को जब्त कर लिया। अमेरिकी रक्षा विभाग ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि उसने हिंद महासागर में तेल टैंकर 'मैजेस्टिक X' को अपने नियंत्रण में ले लिया है। " यह जब्ती उस घटनाक्रम के बाद हुई है, जब बुधवार को ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में 3 मालवाहक जहाजों पर हमला किया था और उनमें से 2 को अपने कब्जे में ले लिया था।
जहाज की लोकेशन और सैन्य वीडियो
अमेरिकी रक्षा विभाग द्वारा जारी किए गए वीडियो में अमेरिकी सैनिक जहाज के डेक पर तैनात दिखाई दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार, यह जहाज चीन के झोउशान की ओर जा रहा था। जहाजों की आवाजाही पर नजर रखने वाले डेटा से पता चला है कि 'मैजेस्टिक X' हिंद महासागर में श्रीलंका और इंडोनेशिया के बीच मौजूद था। विशेष बात यह है कि यह लगभग वही स्थान था, जहां अमेरिकी सेना ने इससे पहले तेल टैंकर 'टिफनी' को जब्त किया था।
2024 के प्रतिबंध और तस्करी की तकनीक
जब्त किया गया 'मैजेस्टिक X' गुयाना के झंडे वाला एक तेल टैंकर है, जिसका पिछला नाम 'फीनिक्स' था। साल 2024 में अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने इस पर कड़े प्रतिबंध लगा दिए थे। यह कार्रवाई इसलिए की गई थी क्योंकि इस जहाज ने इस्लामिक गणराज्य (ईरान) पर लगे अमेरिकी प्रतिबंधों का उल्लंघन करते हुए ईरानी कच्चे तेल की तस्करी की थी और उस समय ट्रेजरी विभाग ने स्पष्ट किया था कि ईरान अपने पेट्रोलियम को विदेशी ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए झूठे दस्तावेज, जहाज ट्रैकिंग सिस्टम में हेरफेर और जहाजों के नाम व झंडे लगातार बदलने जैसी तरकीबें अपनाता है।
क्षेत्रीय तनाव और जहाजों पर हमले
ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बाद से समुद्री सुरक्षा की स्थिति गंभीर बनी हुई है। जंग शुरू होने के बाद से अब तक फारसी खाड़ी, होर्मुज जलडमरूमध्य और ओमान की खाड़ी के जलक्षेत्रों में 30 से अधिक जहाजों पर हमले हो चुके हैं। फिलहाल, अमेरिकी सेना द्वारा की गई इस ताजा जब्ती की खबर पर ईरान की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
Overnight, U.S. forces carried out a maritime interdiction and right-of-visit boarding of the sanctioned stateless vessel M/T Majestic X transporting oil from Iran, in the Indian Ocean within the INDOPACOM area of responsibility.
— Department of War 🇺🇸 (@DeptofWar) April 23, 2026
We will continue global maritime enforcement to… pic.twitter.com/SWF6Jt9Ci4
