देश / महाराष्ट्र से उत्तराखंड तक मौसम का कहर, उफान पर नदियां, बाढ़-भूस्खलन से लोग बेहाल

Zoom News : Jul 07, 2022, 10:15 PM
उत्तरी भारत से लेकर दक्षिण तक में मौसम अपना कहर बरपा रहा है। महाराष्ट्र, कर्नाटक, गुजरात, हिमाचल प्रदेश,असम, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में बारिश से लोगों का जीना बेहाल है। मॉनसून की दस्तक के साथ ही इन राज्यों में जलजले की तस्वीरें सामने आ रही हैं। मौसम के कहर से कई लोगों की मौत की सूचना भी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया है। एनडीआरएफ टीमों को राहत बचाव कार्य के लिए लगाया गया है। राज्य सरकारें लोगों से सुरक्षित रहने की अपील कर रही हैं।

महाराष्ट्र के बारिश का कहर

महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से बारिश तेज हो गई है। मुंबई, ठाणे, कोंकण और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में बारिश हुई है। कोंकण और पश्चिमी महाराष्ट्र में नदियां उफान पर हैं। इस बीच, मौसम विभाग ने अगले चार से पांच दिनों तक राज्य में मूसलाधार से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। फिलहाल मुंबई, ठाणे और उपनगरों में मूसलाधार बारिश हो रही है। राज्य में पिछले एक महीने में बारिश के चलते 65 से ज्यादा लोगों की मौत की सूचना है।

पालघर में बाढ़ से दो लोग बहे

महाराष्ट्र के पालघर जिले में गुरुवार को भारी बारिश के बाद घर का एक हिस्सा गिरने से दो लोग बाढ़ के पानी में बह गए और एक व्यक्ति घायल हो गया। जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने कहा कि भारी बारिश के कारण पालघर के विभिन्न तालुकों में कम से कम 32 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए।

कर्नाटक में जान-माल का नुकसान

कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों और मलनाड क्षेत्र में भारी बारिश से सामान्य जनजीवन बाधित गया है। जिससे प्रभावित क्षेत्रों में जान-माल का नुकसान हो रहा है। बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं, कृषि क्षेत्र और निचले इलाकों में पानी भर गया है, कोडागु और दक्षिण कन्नड़ जिलों के पहाड़ी इलाकों में भी भूस्खलन की सूचना मिली है। दक्षिण कन्नड़ के बंतवाल तालुक के पंजीकल्लु गांव में बुधवार को चार मजदूरों के कीचड़ में फंस जाने से तीन लोगों की मौत हो गई। 

स्कूलों में छुट्टी 

दक्षिण कन्नड़ और कोडागु जिलों में बारिश जारी रहने और मौसम विभाग ने और बारिश के पूर्वानुमान के बाद जिला प्रशासन ने वहां के स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया है।

असम में बाढ़ से बुरे हाल

असम के कई जिलों में सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बाढ और बारिश से लोग बेहाल हैं, पीएम मोदी ने लोगों को मदद का भरोसा दिलाया है। बुधवार को पीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और उनकी टीम बाढ़ प्रभावित लोगों के राहत और बचाव के लिए दिन-रात बहुत मेहनत कर रही है।

गुजरात में चार दिनों का रेड अलर्ट

दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र क्षेत्र के कुछ हिस्सों में गुरुवार को भारी बारिश हुई और अगले चार दिनों तक राज्य में और बारिश होने का अनुमान है। एक अधिकारी ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरे राज्य में सक्रिय है क्योंकि कम दबाव और दक्षिण पाकिस्तान पर संबंधित चक्रवाती परिसंचरण के कारण यह पूरे राज्य में सक्रिय है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों में राज्य के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER