बांसवाड़ा / प्रेमी के संग भाग गयी पत्नी, पति ने दोनों को निर्वस्त्र करके पीटा, वीडियो भी बनाया

Dainik Bhaskar : Mar 05, 2020, 04:53 PM
बांसवाड़ा | जिले के घाटोल में महिला और उसके प्रेमी को निर्वस्त्र खूंटे से बांधकर डंडो से पिटाई करने का मामला सामने आया है। 6 घंटे तक महिला के पति ने कुछ साथियों के साथ मिलकर इस अभद्रता को अंजाम दिया। सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। महिला ने खमेरा थाने में पति, ससुर और अन्य के खिलाफ कानूनी की कार्रवाई की मांग करते हुए एफआईआर दर्ज करवाई है। 

क्या है मामला

महिला ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि उसकी 7 साल पहले शादी हुई थी। उसका 3 साल का बेटा भी है। शादी के कुछ साल बाद पति- पत्नी के संबधों में मनमुटाव रहने लगा। पति आए दिन मारपीट और झगड़ा करता था। पीड़ित महिला ने पति की हरकतों से परेशान होकर उसे छोड़ने का फैसला कर लिया।

10-12 महीने पहले उसकी जान पहचान लिंबरवाड़ा के रहने वाले एक युवक से हुई। दोनों में प्रेम संबंध हो गए। 6 महीने पहले महिला अपने बेटे को लेकर प्रेमी के साथ चित्तौड़गढ़ चली गई। मंगलवार की रात 10 बजे महिला का पति उसके साथियों के साथ कार लेकर आया और दोनों को अगवा कर घाटोल में उसके घर ले आया।

महिला का आरोप है कि दोनों को निर्वस्त्र किया गया, फिर खूंटे से बांधकर मारपीट की गई। बेटे को भी छीन लिया गया। वहीं थानाधिकारी चेल सिंह के मुताबिक, महिला की रिपोर्ट पर शंकर, नारायण, पोखर और ज्ञान को गिरफ्तार किया गया। 

महिला ने सुनाई आपबीती, कहा- ''मैं हाथ जोड़ती रही, रास्ते भर पीटा, वीडियो बनाया''

पीड़ित महिला ने कहा - '' मैं अपने प्रेमी और बेटे के साथ किराए के मकान में सो रहे थी। रात 10 बजे के करीब किसी ने दरवाजा खटखटाया। मुझे लगा कि कोई पड़ोसी होगा। इसलिए दरवाजा खोला तो मेरा पति और 6 से 7 लोगों घर में घुस आया और हमें जबरन जीप में बिठाकर अगवा कर लिया। मैं हाथ जोड़ती रही, लेकिन पूरे रास्ते मुझसे मारपीट की गई। देर रात 3 बजे मुझे घाटोल ससुराल लाए। जहां मुझे और मेरे प्रेमी को निर्वस्त्र कर खूंटे से बांध दिया। फिर हमें बुरी तरह पीटा। इसका वीडियो भी बनाया। मैं चिल्लाती रही लेकिन किसी ने नहीं सुनी। आखिर किसी को इसकी भनक लगी और पुलिस को खबर दी। करीब 6 घंटे बाद सुबह 9 बजे खमेरा पुलिस दल पहुंचा और हमें छुड़ाया।"

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER