इंडिया / चंद्रयान 2 के चांद पर उतरने के साथ ही भारत रचेगा इतिहास, सफलता के लिए देशभर में पूजा-पाठ

Live Hindustan : Sep 06, 2019, 08:15 PM
पिछले 47 दिन से हो रहे इंतजार की घड़ियां खत्म होने को हैं। सफलतापूर्वक कई मंजिलें तय करता हुआ चंद्रयान 2 इतिहास बनाने की ओर आगे बढ़ रहा है। अनगिनत सपनों के साथ चंद्रयान का लैंडर विक्रम पृथ्वी के उपग्रह चंद्रमा की सतह पर शुक्रवार आधी रात के बाद चांद की जमीं पर उतरेगा। इसरो ने कहा, ऑर्बिटर और लैंडर दोनों पूरी तरह ठीक हैं। लैंडर विक्रम को कक्षा से निकालने का कार्य शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात एक से दो बजे के बीच किया जाएगा। लैंडर विक्रम रात एक बजकर 30 मिनट से दो बजकर 30 मिनट के बीच चंद्रमा की सतह पर उतारा जाएगा। चंद्रमा की सतह पर उतरने के बाद विक्रम के भीतर से रोवर प्रज्ञान सात सितंबर की सुबह साढ़े पांच बजे से साढ़े छह के बीच चांद पर चहलकदमी शुरू करेगा। रोवर एक चंद्र दिवस की अवधि (धरती के 14 दिन के बराबर) तक चंद्रमा की सतह पर रहकर वैज्ञानिक प्रयोग करेगा।

  • 15 मिनट की होगी सॉफ्ट लैंडिंग की प्रक्रिया
  • 1:30 से 2:30 बजे के बीच होगी साफ्ट लैंडिंग
  • 3:55 लैंडर से रोवर बाहर निकलेगा।
  • 5:30 से 6:30 बजे रोवर चंद्रमा पर उतर जाएगा। 
विक्रम की सॉफ्ट लैंडिंग की सभी तैयारियां पूरी

चंद्रमा की सतह के दक्षिणी ध्रुव पर विक्रम लैंडर की सॉफ्ट लैंडिंग की देश भर में प्रतीक्षा किए जाने के बीच इसरो ने शुक्रवार को कहा कि इस बहुप्रतीक्षित लैंडिंग के लिए चीजें योजना के अनुसार आगे बढ़ रही हैं। चंद्रयान-2 मिशन के तहत विक्रम लैंडर के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि यह अभियान श्रेष्ठ भारतीय प्रतिभा और तपस्या की भावना को परिलक्षित करता है। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, 'इसकी सफलता से करोड़ों भारतीयों को लाभ होगा।' 

चंद्रयान-2 की परियोजना निदेशक वनिता को उनके सहपाठी सम्मानित करेंगे

चंद्रयान-2 मिशन की परियोजना निदेशक एम. वनिता के सहपाठी उन्हें सम्मानित करने के लिए इस साल एक समारोह आयोजित करने की योजना बना रहे हैं। सीएसजी इंटरनेशनल के निदेशक जवाहर सभापति ने आईएएनएस को बताया, 'हम वनिता को सम्मानित करने के लिए एक छोटा-सा समारोह आयोजित करना चाहते हैं। हम सभी को उन पर गर्व है। वह लोगों से कम ही मिलती हैं, मगर मुझे उम्मीद है कि वह हमारे प्रस्ताव पर सहमत होंगी।'

चंद्रयान 2 मिशन भारत की श्रेष्ठ प्रतिभा को परिलक्षित करता है : मोदी

चंद्रयान-2 मिशन के तहत विक्रम लैंडर के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि यह अभियान श्रेष्ठ भारतीय प्रतिभा और तपस्या की भावना को परिलक्षित करता है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ट्वीट में कहा , '' इसकी सफलता से करोड़ों भारतीयों को लाभ होगा। भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के इतिहास के इस अभूतपूर्व क्षण का गवाह बनने के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बेंगलूर स्थित इसरो के केंद्र में मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस क्षण का 130 करोड़ भारतीय काफी उत्साह के साथ प्रतीक्षा कर रहे हैं । अब से कुछ घंटे बाद में चंदयान 2 अपने आखिरी गंतव्य चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंच जायेगा । भारत और शेष दुनिया हमारे अंतरिक्ष वैज्ञानिकों के शानदार प्रदर्शन को एक बार फिर देखेगी। 

चंद्रयान के चांद तक पहुंचने के पहले इसरो ने की मजाकिया टिप्पणी

चंद्रमा की सतह पर शनिवार तड़के बेहद जटिल मानी जा रही माड्यूल 'विक्रम की लैंडिंग से पहले भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने ऑर्बिटर, लैंडर और रोवर प्रज्ञान को लेकर चंद्रयान-दो के संबंधों को हल्के-फुल्के अंदाज में पेश करते हुए ट्विटर पर कुछ कार्टून साझा किए हैं।

इसरो ने एक ''कॉमिक स्ट्रिप के साथ ट्वीट किया। इसमें ऑर्बिटर ने लैंडर 'विक्रम से कहा कि दो सितंबर को अलग होने के पहले उसके साथ रहने में मजा आया। ऑर्बिटर ने लैंडर से कहा, ''विक्रम, आपके साथ अब तक का सफर बहुत अच्छा रहा।  इस पर विक्रम ने भी उसी समान उत्साह से कहा, ''वास्तव में काफी अच्छी यात्रा रही। मैं तुमसे ऑर्बिट में मिलूंगा। इसके बाद ऑर्बिटर ने 'विक्रम को आगे के सफर के लिए शुभकामनाएं दी। इसरो ने भी दोनों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि वह 'विक्रम और 'प्रज्ञान के संपर्क में रहेगा।


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER