Ghazipur MMS / फिर चंडीगढ़ जैसा MMS कांड, छात्राओं का अश्लील वीडियो बनाकर ब्वॉय फ्रेंड को भेज रही थी युवती

Zoom News : Aug 12, 2023, 08:33 PM
Ghazipur MMS: गाजीपुर के राजकीय होम्योपैथिक कॉलेज की छात्राओं का चंडीगढ़ जैसा अश्लील एमएमएस कांड सामने आया है। चंडीगढ़ की तरह यहां भी कॉलेज की एक छात्रा ही निजी हॉस्टल में रहने वाली दूसरी छात्राओं का अश्लील वीडियो और फोटो बनाकर अपने ब्वॉय फ्रेंड को भेज रही थी। ब्वाय फ्रेंड इन वीडियो और फोटो के जरिए छात्राओं को ब्लैकमेल करता था। वीडियो बनाने वाली छात्रा और उसके ब्वाय फ्रेंड को कॉलेज से छह महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है। दोनों का मोबाइल कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। मोबाइल में एक लड़की और एक लड़के की आपत्तिजनक तस्वीरें मिली हैं। 

चंडीगढ़ में कुछ समय पहले इसी तरह का मामला सामने आया था। वहां भी हॉस्टल की एक छात्रा अन्य छात्राओं का अश्लील वीडियो बनाकर अपने ब्वॉय फ्रेंड को भेजती थी। उसने हॉस्टल के बाथरूम से भी कई छात्राओं का अश्लील वीडियो बनाया था। इसकी जानकारी मिलने के बाद कई छात्राओं ने खुदकुशी की भी कोशिश की थी।  

गाजीपुर को लेकर बताया जाता है कि कॉलेज में काफी दिनों से छात्राओं का अश्लील वीडियो और फोटो बनाने का कार्य बीएचएमएस सेकेंड ईयर की एक छात्रा कर रही थी। जिन छात्राओं का वीडियो बनाया गया उनमें सभी प्रथम ईयर की हैं। जिस छात्र मोहम्मद अमीर को वीडियो भेजे गए वह भी प्रथम ईयर का है। पहले एक छात्रा ने शिकायत की। इसके बाद सामूहिक रूप से सात अगस्त को छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन से इसकी शिकायत की। जब इसे गंभीरता से नहीं लिया गया तो छात्राओं ने शहर कोतवाली में तहरीर दी। 

राजकीय होम्योपैथिक कॉलेज की निजी छात्रावास में रह रही छात्रा अपने साथ रह रही छात्राओं की आपत्तिजनक फोटो क्लिक करती थी। इनसे आपत्तिजनक वीडियो बना लेती थी। इसके बाद अपने ब्वाय फ्रेंड को भेजती थी। मामला पुलिस तक पहुंचा तो कालेज प्रशासन भी हरकत में आया। आरोपी छात्रा और छात्र दोनों को छह माह के लिए निलंबित कर दिया गया है। छात्र प्रतापगढ़ और छात्रा सीतापुर की रहने वाली है। फिलहाल कॉलेज प्रशासन जांच की बात कह रहा है। 

कॉलेज के प्राचार्य सुबोध त्रिपाठी के अनुसार छात्राओं की शिकायत पर दोनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निलंबित कर दिया गया है। इनके मोबाइल को कब्जें में लेकर जांच कराई जा रही है। दोनों के परिजनों को भी बुलाया गया है। 

एसपी ओमवीर सिंह के अनुसार इस मामले में शिकायत मिली है। एसपी सिटी को जांच दी गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी छात्र और छात्रा के मोबाइल में कोई ऐसा फोटो-वीडियो नहीं देखा गया है। संभवतः उन्होंने अपने मोबाइल को फॉर्मेट कर दिया हो। इन सभी बातों की गंभीरता पूर्वक जांच की जा रही है। जांच में दोषी मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मोबाइल में आरोपी छात्रा छात्रा के अश्लील फोटो मिले

कॉलेज के एसिस्टेंट प्रोफेसर और वर्तमान में इंचार्ज डॉक्टर बीएन साहनी ने बताया कि कुछ छात्राओं ने शिकायत की तो आरोपी छात्रा और छात्र का मोबाइल कब्जे में ले लिया गया था। दोनों को बुलाकर पूछताछ की गई तो लड़का लगातार झूठ बोलता रहा। इसके बाद एक लड़की और दो लड़कों का मोबाइल यहां पर जमा करा लिया गया। अभी तक एक फर्स्ट ईयर की लड़की और सेकेंड ईयर के लड़के की कुछ आपत्तिजनक फोटो दिखाई दी है। घटना के बाद से सीनियर छात्र आक्रोशित थे। इससे पुलिस थाने चले गए। पुलिस ने मोबाइल मंगाया था। वहां जांच की गई। कई तस्वीरें आदि मोबाइल से डीलिट किए गए हैं। 

कहा कि जो कुछ हुआ है, बहुत बड़ा क्राइम है। लड़का पहले कह रहा था कि लड़की रिश्तेदारी में है। लेकिन लड़की ने इससे इनकार किया है। ऐसे में माना जा रहा है कि लड़का झूठ बोल रहा है। अब पुलिस अपने स्तर से कार्रवाई कर रही है। दोनों के अभिभावकों को जानकारी दी गई है। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER