भारतीय जनता पार्टी के नेता शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। यह एक ऐसा महत्वपूर्ण क्षण रहा, जिसने भगवा राजनीति के प्रति दशकों के प्रतिरोध के बाद राज्य के राजनीतिक परिदृश्य को बदल दिया और इसी के साथ राज्य में पहली बार भाजपा की सरकार बनी। शुभेंदु अधिकारी के साथ पांच विधायकों ने और शपथग्रहण की, जिसमें भाजपा की फायरब्रांड नेता अग्निमित्रा पॉल (Agnimitra Paul) भी शामिल हैं। फैशन डिजाइनर से नेता बनीं अग्निमित्रा पॉल को शुभेंदु सरकार में बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है।
कौन हैं अग्निमित्रा पॉल?
अग्निमित्रा पॉल, बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के जैसी फायरब्रांड नेता मानी जाती हैं। वह विपक्षी नेताओं पर प्रहार करने के लिए जानी जाती हैं। फैशन डिजाइनर रहीं 51 वर्षीय नेता ने आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट पर शानदार जीत दर्ज करते हुए ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार तापस बनर्जी को 40,839 मतों के बड़े अंतर से हराया। इस बड़ी जीत के परिणामस्वरूप उन्हें शुभेंदु अधिकारी की कैबिनेट में जगह मिली है। अग्निमित्रा पॉल के चुनावी हलफनामे के अनुसार, उनके खिलाफ गैरकानूनी जमावड़ा, दंगा और हिंसक प्रदर्शन जैसे आरोपों से जुड़े 23 आपराधिक मामले दर्ज हैं। हालांकि, अब तक किसी भी मामले में उन्हें दोषी नहीं ठहराया गया है। अग्निमित्रा पॉल का कहना है कि उनके खिलाफ दर्ज सभी मामले राजनीति से प्रेरित हैं।
अग्निमित्रा पॉल का राजनीतिक सफर
अग्निमित्रा पॉल ने साल 2019 में राजनीति के क्षेत्र में कदम रखा था। वह साल 2021 में आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट से पहली बार चुनाव जीती थीं, तब उन्होंने टीएमसी की बड़ी नेता सायन घोष को हराया था। 2022 में उन्होंने आसनसोल से लोकसभा का उपचुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 2024 के लोकसभा चुनाव में वह मेदिनीपुर से लोकसभा का चुनाव लड़ रही थीं, लेकिन टीएमसी के शत्रुघ्न सिन्हा से हार गई थीं। हालांकि, इन चुनावों में हार से अग्निमित्रा पॉल विचलित नहीं हुईं। अब उन्हें पुनः आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट से जीत हासिल हुई है। वह 2019 में भाजपा में शामिल हुई थीं और इसके बाद उन्होंने तेजी से पार्टी में अपना कद बड़ा किया। पहले वह महिला मोर्चा की प्रमुख बनीं, उसके बाद उन्हें 2026 में भाजपा ने बंगाल राज्य का उपाध्यक्ष बनाया।
बंगाल कैबिनेट में शामिल अन्य मंत्री
शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली इस नई सरकार में मुख्यमंत्री के अलावा पांच अन्य मंत्रियों ने शपथ ली है,
शिक्षा और पेशेवर विशेषज्ञता
अग्निमित्रा पॉल शैक्षणिक रूप से अत्यंत मेधावी रही हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा लोरेटो कॉन्वेंट और आसनसोल गर्ल्स कॉलेज से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने बनवारीलाल भालोटिया कॉलेज से वनस्पति विज्ञान (ऑनर्स) में बीएससी की डिग्री हासिल की। विज्ञान की डिग्री पूरी करने के बाद, फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए उन्होंने बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ लिबरल आर्ट्स एंड मैनेजमेंट साइंसेज से फैशन टेक्नोलॉजी में डिप्लोमा प्राप्त किया और इसके अतिरिक्त, अग्निमित्रा पॉल ने एमबीए की डिग्री भी ली है। बंगाल की मंत्री बनने के बाद उनकी विभिन्न क्षेत्रों में यह विशेषज्ञता राज्य के विकास में सहायक सिद्ध होगी।
