राजनीति / ममता सरकार को एक और बड़ा झटका,राजीब बनर्जी का इस्तीफा

Zoom News : Jan 22, 2021, 02:53 PM
पश्चिम बंगाल में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। शुक्रवार (22 जनवरी) को राज्य के वन मंत्री राजीब बनर्जी ने पद से इस्तीफा दे दिया। इससे पहले 5 जनवरी को खेल मंत्री लक्ष्मी रतन शुक्ला ने भी पद से इस्तीफा दिया था।


ममता को लिखे पत्र में राजीब ने बताया कि वे कैबिनेट से इस्तीफा दे रहे हैं, हालांकि उन्होंने इसके कारणों का खुलासा नहीं किया। पत्र में लिखा, ‘पश्चिम बंगाल के लोगों की सेवा करने का मुझे सौभाग्य मिला। मुझे मौका मिला, इसके लिए मैं बहुत आभारी हूं।’ राजीब बनर्जी दोमजुर से विधायक है। राजीब ने इस्तीफा गवर्नर जगदीप धनखड़ को भी भेजा है।


इससे पहले किसने कैबिनेट छोड़ी?

5 जनवरी: लक्ष्मी रतन शुक्ला ने खेल और युवा मामलों के मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, लेकिन विधायकी नहीं छोड़ी। ममता ने कहा था कि इस्तीफा कोई भी दे सकता है, इसे निगेटिव नहीं लेना चाहिए।


पिछले महीने शुभेंदु अधिकारी ने भाजपा ज्वाइन की थी:

इससे पहले 19 दिसंबर को TMC छोड़ चुके और ममता के खास रहे पूर्व मंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भाजपा का दामन थाम लिया था। उनके साथ सांसद सुनील मंडल, पूर्व सांसद दशरथ तिर्की और 10 MLA ने भी भाजपा ज्वॉइन की थी। इनमें 5 विधायक तृणमूल कांग्रेस के ही थे।


ये विधायक भाजपा में शामिल हुए थे:

इससे पहले तापसी मंडल, अशोक डिंडा, सुदीप मुखर्जी, सैकत पांजा, शीलभद्र दत्ता, दिपाली बिस्वास, शुक्र मुंडा, श्यांपदा मुखर्जी, बिस्वजीत कुंडू और बनश्री मैती पिछले महीने भाजपा में शामिल हुए थीं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER