Suicide / एक और TikTok स्‍टार ने ली अपनी जान, ड‍िप्रेशन से जूझ रही थी ये 18 साल की लड़की

News18 : Jul 06, 2020, 03:50 PM
मुंबई। ड‍िप्रेशन के बढ़ते मामलों के बीच एक और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। द‍िल्‍ली यूनिवर्सिटी की 18 साल की एक लड़की ने ड‍िप्रेशन के चलते आत्‍महत्‍या कर ली है। ये लड़की TikTok की बड़ी स्‍टार थी और इसके इस वीडियो प्‍लेटफॉर्म पर कई फॉलोअर थे। हालांकि पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं म‍िला है, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि हाल ही में टिक-टॉक पर लगे बैन (Tik Tok Ban) के बाद ये लड़की काफी परेशान थी।

टाइम्‍स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार लड़की का मृत शरीर सबसे पहले उसके कजिन ने देखा और उसी ने सबसे पहले जानकारी अधिकारियों को दी। वहीं पुलिस को परिवार के कुछ करीबी लोगों ने बताया है कि ये लड़की प‍िछले कुछ 2-3 महीनों से डिप्रेशन से जूझ रही थी और शायद इसी वजह से उसने ये कदम उठया।

बता दें कि कुछ दिनों पहले ही ट‍िक-टॉक की ही एक स्‍टार स‍िया कक्‍कड़ ने आत्‍महत्‍या कर ली थी। भारत और चीन के बीच बढ़े तनाव के बाद हाल ही में देश में 59 चाइनीज ऐप्‍स को बैन किया गया है। इसमें ट‍िक-टॉक भी शामिल है।

प‍िछले कुछ समय में टीवी और फिल्‍म इंडस्‍ट्री से जुड़े लोगों में ड‍िप्रेशन और सुसाइड की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। टीवी एक्‍टर मनमीत ग्रेवाल ने अपने घर में आत्‍महत्‍या कर ली थी, तो वहीं क्राइम पेट्रोल में नजर आने वाली एक्‍ट्रेस प्रेक्षा मेहता ने इंदौर के अपने घर में खुद की जान ले ली। इसी के साथ हिंदी फिल्‍मों का बड़ा नाम सुशांत स‍िंह राजपूत ने 14 जून को अपने ही घर में खुद को फांसी लगा ली। सामने आई जानकारी के अनुसार सुशांत, प‍िछले 6 महीनों से ड‍िप्रेशन का इलाज ले रहे थे।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER