Bharat Jodo Yatra / राजस्थान पहुंची भारत जोड़ो यात्रा, गहलोत-पायलट ने हाथ पकड़कर किया डांस

Zoom News : Dec 04, 2022, 09:46 PM
Bharat Jodo Yatra : राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो' यात्रा रविवार शाम को झालावाड़ जिले से राजस्थान में प्रवेश कर चुकी है। सीएम अशोक गहलोत, प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट सहित सरकार के कई मंत्री और बड़े नेताओं ने एमपी बॉर्डर स्थित चंवली चौराहे पर राहुल गांधी की अगवानी की।


रविवार शाम वेलकम सभा में राहुल गांधी का सहरिया नृत्य के साथ स्वागत किया गया। मंच पर हो रहे इस नृत्य को देखकर राहुल गांधी भी अशोक गहलोत, कमलनाथ और सचिन पायलट के साथ डांस करने लगे। इस दौरान सचिन पायलट और अशोक गहलोत ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर साथ में डांस किया। आज राजस्थान में यात्रा चंवली चौराहे पर ही रुक गई। यात्रा का रात्रि विश्राम यहीं होगा।


वेलकम सभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि हर राज्य, हर शहर, हर गांव ने यात्रा को खूब मदद की। लोगों को एक पैसा नहीं देना पड़ा। हिंदुस्तान की जनता ने यात्रा को खूब प्यार दिया। राहुल गांधी ने कहा कि मैं भाजपा-आरएसएस का डर लोगों के दिल से निकालना चाहता हूं। मैं उनसे नफरत नहीं करता हूं। मैं उन्हें देश में नफरत और डर फैलाने नहीं दूंगा।


राहुल गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश को छोड़कर दुख हो रहा है, लेकिन राजस्थान में आकर खुशी हो रही है। हवाई जहाज से हिंदुस्तान समझ नहीं आता, फटे हुए हाथ वाले किसान से हाथ मिलाने पर ही समझ आता है।


यात्रा से जुड़े 5 बड़े अपडेट


  • कमलनाथ ने कहा- राजस्थान में गहलोतजी आपकी सरकार है, लेकिन मध्य प्रदेश जितना प्यार यात्रा को नहीं दे पाएंगे।
  • इसके बाद अशोक गहलोत ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यात्रा मप्र से भी भव्य निकलेगी। देश में पनप रहे डर को खत्म करने के लिए यह यात्रा निकाली जा रही है।
  • राहुल गांधी ने कहा कि हमने यह यात्रा कन्याकुमारी से शुरू की। 2300 किमी से ज्यादा हम और हमारे यात्री चल चुके हैं। लोग हमें कहते थे कि हिंदी बेल्ट में यात्रा फेल हाेगी। मप्र में अब तक की सबसे भव्य यात्रा निकली है। मैंने कमलनाथ जी को चैलेंज दिया था कि आप महाराष्ट्र को नहीं हरा सकते। कमलनाथ जी ने कहा कि मेरे पास स्पेशल टेक्नोलॉजी है। उन्हाेंने महाराष्ट्र को हरा दिया। अब उन्होंने राजस्थान को चैलेंज दिया है।
  • सोमवार सुबह छह बजे से यात्रा की शुरुआत राजस्थान में झालावाड़ के काली तलाई से होगी। यात्रा 10 बजे बालीबोरड़ा चौराहा पहुंचेगी। दोपहर 3:30 बजे नाहरड़ील और शाम 6:30 बजे झालरापाटन के चंद्रभागा चौराहा पहुंचेगी। यहां पर राहुल गांधी नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे।
  • कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जयराम रमेश ने कहा- अब तक 2500 किलोमीटर की यात्रा पूरी हो चुकी है। 1100 किलोमीटर की यात्रा बची है। इनमें से आधा हिस्सा राजस्थान का है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER