देश / 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा, 3 नवंबर को मतदान

Zoom News : Oct 03, 2022, 01:47 PM
New Delhi : इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया ने 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव की घोषणा कर दी है। चुनाव आयोग की ओर जारी लिस्ट के मुताबिक, इन सभी सीटों पर 3 नवंबर को मतदान होगा। नतीजों का ऐलान 6 नवंबर को किया जाएगा। जिन 7 विधानसभा सीटों पर पर उपचुनाव होने हैं, उनमें बिहार की 2 और महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, तेलंगाना, ओडिशा की एक-एक सीटें शामिल हैं।

मालूम हो कि बिहार की मोकामा और गोपालगंज, महाराष्ट्र की अंधेरी ईस्ट, हरियाणा की आदमपुर, तेलंगाना की मनुगोड़, उत्तर प्रदेश की गोला गोकरणनाथ और ओडिशा की धामनगर (सुरक्षित) सीट पर उपचुनाव होने हैं।

चुनाव का शेड्यूल :

अधिसूचना जारी होने की तारीख- 7 अक्टूबर 2022

नामांकन की आखिरी तारीख- 14 अक्टूबर 2022

नामांकन की जांच- 15 अक्टूबर 2022

नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख- 17 अक्टूबर 2022

मतदान- 3 नवंबर 2022

मतगणना- 6 नवंबर 2022

चुनाव संपन्न कराने की आखिरी तारीख- 8 नवंबर 2022

क्यों खाली हुईं ये सीटें?

बिहार की गोपालगंज सीट भाजपा नेता सुभाष सिंह के निधन के बाद खाली हुई है। मोकामा विधानसभा सीट से राजद के अनंत सिंह चुनाव जीते थे। घर में AK-47 रखने के आरोप में उन्हें आरोपी करार दिया गया और उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई। अब यह सीट खाली है। वहीं, यूपी के लखीमपुर खीरी जिले की गोला गोकर्ण नाथ सीट विधायक अरविंद गिरि के निधन से खाली हुई है। 

अगर हरियाणा की बात करें तो यहां की आदमपुर विधानसभा सीट कांग्रेस नेता कुलदीप बिश्नोई के इस्तीफे के बाद खाली हुई। बिश्नोई कांग्रेस से इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल हो गए। महाराष्ट्र की अंधेरी ईस्ट विधानसभा सीट से शिवसेना के रमेश लटके जीते थे, लेकिन उनका निधन होने के बाद से सीट खाली है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER