DUSU Election 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय में मतदान आज, 52 केंद्रों पर छात्र चुनेंगे अपनी सरकार

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव 2026 के लिए आज मतदान हो रहा है। उत्तर और दक्षिण परिसर के 52 केंद्रों पर छात्र वोट डाल रहे हैं। चुनाव के नतीजे 19 सितंबर को घोषित किए जाएंगे। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच दो पालियों में वोटिंग जारी है।

दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन (डूसू) इलेक्शन 2026 के लिए आज छात्र अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। डीयू प्रशासन की तरफ से मतदान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव प्रचार का शोर थमने के बाद अब पूरी मशीनरी मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने में जुट गई है। इसके तहत मतदान केंद्रों से लेकर सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी इंतजामों को अंतिम रूप दिया गया है। उत्तर और दक्षिण परिसर के विभिन्न कॉलेजों में छात्र आज अपनी नई सरकार चुनने के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं।

52 पोलिंग सेंटर पर मतदान और नतीजों की तारीख

डूसू चुनाव 2026 के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन ने कुल 52 पोलिंग सेंटर बनाए हैं। ये सेंटर मुख्य रूप से नॉर्थ और साउथ कैंपस के कॉलेजों में स्थित हैं। 18 सितंबर को इन सभी 52 केंद्रों पर मतदान की प्रक्रिया आयोजित की जा रही है। मतदान संपन्न होने के बाद वोटों की गिनती की जाएगी और 19 सितंबर को चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे। सेंट्रल पैनल के वोटों की गिनती के लिए मल्टी पर्पज हॉल को चुना गया है, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना होगी।

ईवीएम से मतदान और तकनीकी बैकअप

डूसू चुनाव में इस बार भी ईवीएम (EVM) के जरिए मतदान कराया जा रहा है। छात्र ईवीएम में अपने पसंदीदा उम्मीदवार के सामने का बटन दबाकर मतदान करेंगे। चुनाव के लिए 17 सितंबर को ही ईवीएम मशीनें विश्वविद्यालय पहुंच गई थीं, जिन्हें सभी 52 पोलिंग सेंटर्स पर सुरक्षित भेज दिया गया है। डीयू प्रशासन ने ईवीएम में किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी से निपटने के लिए विशेष रणनीति तैयार की है और यदि किसी केंद्र पर ईवीएम में गड़बड़ी आती है, तो उसे 10 से 15 मिनट के भीतर बदलकर नई ईवीएम लगा दी जाएगी ताकि मतदान प्रक्रिया में बाधा न आए।

दो पालियों में मतदान का समय

दिल्ली विश्वविद्यालय में रेगुलर और सांध्य (इवनिंग) कॉलेजों के संचालन को देखते हुए मतदान दो पालियों में आयोजित किया जा रहा है और रेगुलर कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए मतदान का समय सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है। वहीं, सांध्य कॉलेजों के छात्र दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजकर 30 मिनट तक अपने वोट डाल सकेंगे। इस व्यवस्था से सभी छात्रों को बिना किसी परेशानी के मतदान करने का अवसर मिलेगा।

सुरक्षा व्यवस्था और पहचान पत्र के नियम

चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए डीयू प्रशासन ने दिल्ली पुलिस से अतिरिक्त बल की मांग की थी और मतदान केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है और कॉलेज प्रशासन भी अपने स्तर पर सुरक्षा का जिम्मा संभाल रहा है। मतदान करने के लिए छात्रों के पास विश्वविद्यालय या कॉलेज द्वारा जारी पहचान पत्र (ID कार्ड) होना अनिवार्य है। हालांकि, जिन प्रथम वर्ष के छात्रों को अभी तक आईडी कार्ड नहीं मिले हैं, वे सत्यापित फीस रसीद, फोटो युक्त बोनोफाइड सर्टिफिकेट या किसी सरकारी पहचान पत्र के माध्यम से भी वोट डाल सकते हैं। इसके लिए छात्र का नाम मतदाता सूची में होना आवश्यक है।

मैदान में उम्मीदवार और चुनावी आंकड़े

डूसू चुनाव 2026 में सेंट्रल पैनल के लिए कुल 19 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इसमें अध्यक्ष पद के लिए सबसे अधिक 7 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि उपाध्यक्ष पद पर 5, सचिव पद पर 4 और संयुक्त सचिव पद पर 4 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

  • एबीवीपी (ABVP) उम्मीदवार: अध्यक्ष पद पर यश डबास, उपाध्यक्ष पर ईशू मौर्या, सचिव पर रिया छाबड़ी और सहसचिव पद पर लक्ष्य राज सिंह।
  • एनएसयूआई (NSUI) उम्मीदवार: अध्यक्ष पद पर विजय शंकर मीणा, उपाध्यक्ष पर वीर चतरथ, सचिव पर नम्रता चौधरी और सहसचिव पद पर गोपाल चौधरी।
  • आइसा-एसएफआई (AISA-SFI) उम्मीदवार: अध्यक्ष पद पर अनन्या रतुड़ी, उपाध्यक्ष पर अक्षत शिखर, सचिव पर स्टैनजिन डेस्केयोंग और सह-सचिव पद पर बी परिजात।
  • एसएसपी (SSP) उम्मीदवार: अध्यक्ष पद पर अश्मित कुमार पवार और सचिव पद पर पंकज कुमार।

डूसू चुनाव मुख्य रूप से दो स्तरों पर होता है, जिसमें कॉलेजों के अपने छात्रसंघ और पूरे विश्वविद्यालय का सेंट्रल पैनल चुना जाता है। आज होने वाला यह मतदान विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति की दिशा तय करेगा।