IPL में अहमदाबाद ने 3 खिलाड़ी चुने / हार्दिक, राशिद को मिलेंगे 15-15 करोड़, शुभमन गिल को फ्रेंचाइजी ने 7 करोड़ में खरीदा

Vikrant Shekhawat : Jan 18, 2022, 02:24 PM
IPL 2022 के लिए अहमदाबाद की टीम ने तीन खिलाड़ियों को फ्रेंचाइजी के साथ जोड़ा है। ESPN क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार हार्दिक पंड्या और राशिद खान को 15-15 करोड़ रुपए और शुभमन गिल को सात करोड़ मिलेंगे। पंड्या टीम के कप्तान भी होंगे। 22 जनवरी तक IPL की दो नई टीमें लखनऊ और अहमदाबाद को तीन खिलाड़ी रिटेन करने थे।

अहमदाबाद ने अपने कोचिंग स्टाफ का चयन भी कर लिया है। टीम के मुख्य कोच आशीष नेहरा होंगे। इंग्लैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज विक्रम सोलंकी को टीम का डायरेक्टर बनाया गया है। वहीं, भारत के पूर्व कोच गैरी कर्स्टन टीम के मेंटर होंगे। इससे पहले हार्दिक मुंबई इंडियंस, राशिद सनराइजर्स हैदराबाद और शुभमन गिल कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेल रहे थे।

शुभमन और राशिद की दूसरी टीम

शुभमन गिल की बात करें तो अहदमबाद IPL में उनकी दूसरी टीम होगी। 2018 के बाद से शुभमन कोलकाता से खेल रहे थे। तब कोलकाता ने उन्हें 1.8 करोड़ में खरीदा था। वहीं, राशिद को सनराइजर्स हैदराबाद ने 2017 में चार करोड़ रुपए में खरीदा था। इसके बाद 2018 में हैदराबाद ने उन्हें नौ करोड़ रुपए में रीटेन किया था।

हार्दिक के लिए लोकल फैक्टर आया काम

2015 में मुंबई की टीम ने पंड्या को 10 लाख में अपनी टीम में जोड़ा था। एक्सपर्ट्स का मानना है कि पंड्या गुजरात के हैं और स्थानीय फैंस के बीच उनकी लोकप्रियता को भुनाने के लिए फ्रेंचाइजी ने उन्हें कप्तान बनाया है। फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि पंड्या अगर बॉलिंग नहीं भी करते हैं तो भी टीम के लिए फायदे का सौदा साबित होंगे।

गेंदबाजी नहीं कर पा रहे थे पंड्या

हार्दिक पंड्या 2019 में इंग्लैंड में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप से ही फिटनेस से जूझ रहे हैं। उन्होंने पीठ की सर्जरी भी कराई, लेकिन इसके बावजूद वे बॉलिंग फिटनेस हासिल नहीं कर पाए। IPL के पिछले सीजन में उन्होंने बॉलिंग नहीं की। टी-20 वर्ल्ड कप के शुरुआती मैचों में भी उन्होंने बॉलिंग नहीं की। इस कारण पंड्या को आखिरकार भारतीय टीम से अपनी जगह गंवानी पड़ी। मुंबई इंडियंस ने भी उन्हें रीटेन नहीं करने का फैसला किया।

इस साल से लीग में 10 टीमें

इंडियन प्रीमियर लीग में इस साल कुल 10 टीमें होंगी। पिछले महीने टीमों ने अपनी पसंद के अधिकतम चार खिलाड़ियों की लिस्ट IPL प्रबंधन को सौंपी थी। लखनऊ और अहमदाबाद टीम को अपने कुछ खिलाड़ियों की लिस्ट इस महीने के दूसरे सप्ताह तक सौंपनी है। IPL में इस बार मेगा ऑक्शन होना है। यह ऑक्शन 7 और 8 फरवरी को चेन्नई में होगा।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER