Rajasthan News / लाल, काली, पीली डायरी है तो सामने लाओ, BJP वाले डराते हैं- मल्लिकार्जुन खड़गे

Zoom News : Sep 06, 2023, 06:22 PM
Rajasthan News: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- इतना काम करने के बावजूद BJP वाले हमें डराने की कोशिश करते हैं। कहते हैं कि मेरे पास 'लाल डायरी' है। 'पीली डायरी' है। 'काली डायरी' है। अरे भाई... तुम्हारी डायरी, तुम्हारे पास रख लो। अगर कुछ है, तो सामने लाओ। हम कोर्ट में लड़ेंगे।

चीफ मिनिस्टर के नेतृत्व में हो रहे काम

खड़गे बुधवार को भीलवाड़ा के गुलाबपुरा में आयोजित किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा- BJP वालों डराने की कोशिश मत करो। राहुल गांधी ने इसीलिए कहा है कि डरो मत। डर गए तो मर गए। आप हिम्मत से एक होकर आज के नेतृत्व को कलेक्टिव लीडरशिप में लड़िए। कांग्रेस में हमेशा सब मिलकर लड़ते हैं। लेकिन कैप्टन एक ही होता है। आज जो काम हो रहा है, वह चीफ मिनिस्टर के नेतृत्व में हो रहा है। इसके लिए हम सभी लोगों को मदद करना चाहिए। लोगों के बीच हमें यही मैसेज देना है कि अगर फिर से कांग्रेस की सरकार आती है तो सभी सुखी और समृद्ध होंगे।

कांग्रेस के कट्टर स्वाभिमानी एमएलएज ने गहलोत सरकार बचा ली

खड़गे ने कहा- गोवा, कर्नाटक, महाराष्ट्र सहित जहां-जहां भी हमारी सरकारें बनी थीं, इन्होंने पैसा देकर, झूठ बोलकर या प्रलोभन देकर हमारी सरकारें तोड़ दीं। लोकतंत्र में जो चुनकर आते हैं, उन्हें तोड़फोड़ करके आप सरकार बनाते हो। इसके बाद नीति की बात करते हो। यह तो गनीमत है कि गहलोत ने अपनी सरकार बचा ली, वरना यह भी चली जाती। यहां के नेता लोग, एमएलए, हमारे कांग्रेस के कट्टर जितने स्वाभिमानी हैं, उन्होंने अपनी सरकार को बचा लिया। इसीलिए आज शानदार योजनाएं आ रही हैं।

खड़गे बोले- बीजेपी वाले कुछ नहीं करेंगे, केवल कांग्रेस को गालियां देंगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- BJP वाले कुछ नहीं करेंगे। केवल कांग्रेस को गालियां देते रहेंगे। बार-बार हमसे पूछते हैं 70 साल में कांग्रेस ने क्या किया? कांग्रेस ने 53 साल ही राज किया है। राजस्थान में किसान को जमीन का मालिक किसने बनाया? कांग्रेस ने बनाया। लैंड रिफॉर्म यहां कांग्रेस ने किया। इंदिरा गांधी ने राजा-महाराजाओं की तनख्वाह बंद कर दी। बीजेपी वाले परिवारवाद की बात करते हैं। किसके लिए बोलते हैं? राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा में कश्मीर से कन्या कुमारी तक पैदल चले हैं। पैदल चलकर लोगों का दुख-दर्द समझा है। हम 'भारत जोड़ो' कहते हैं तो वे 'भारत तोड़ो' कहते हैं।

बीजेपी को INDIA से तकलीफ, इंडिया गठबंधन से घबरा गए

खड़गे ने कहा- INDIA (इंडिया) गठबंधन से बीजेपी वाले घबरा गए हैं। अब INDIA की जगह 'भारत' कह रहे हैं। यह तो संविधान में ही लिखा है- इंडिया दैट इज भारत। हम तो पहले ही 'भारत जोड़ो' की बात कह रहे हैं। राजस्थान गरीब कल्याण और सामाजिक न्याय का बेहतरीन मॉडल है। इस मॉडल को आपको दिखाना है। इस मॉडल के लिए काम करना है।

BJP के कितने नेता आजादी के लिए जेल गए?

खड़गे ने कहा- विपक्ष को गालियां देने के लिए BJP को राज करने का अधिकार नहीं दिया है। लोगों की बुनियादी समस्याओं की बात नहीं करते। हमारे लोगों को डराया जा रहा है। ED, CBI के छापे डाले जा रहे हैं। मुझे राजनीति में 57 साल हो गए। 52 साल से MLA, MP रहा हूं। 13 में से मैं केवल एक चुनाव हारा हूं। कभी आरएसएस का उपयोग करते हैं, कभी धर्म का उपयोग करते हैं। BJP-RSS के कितने लोग आजादी के लिए जेल गए, कोई हिसाब है। देश की आजादी के लिए BJP का कोई नेता नहीं लड़ा। क्या राहुल गांधी प्रधानमंत्री बने थे, जो उन्हें गालियां दी जा रही हैं। राजीव गांधी के बाद गांधी परिवार से कोई सरकार में कुछ नहीं बना। फिर भी गांधी परिवार को गालियां दी जा रही हैं।

गहलोत बोले- BJP की यात्राएं फ्लॉप

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भीलवाड़ा के किसान सम्मेलन में भाजपा की परिवर्तन यात्राओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये फेल हो रही हैं। सम्मेलन में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन ब भी पहुंचे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार खड़गे राजस्थान में जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार ने हमेशा आमजन के हित में काम किया है। उन्होंने कहा कि लाल डायरी में कुछ नहीं है। भाजपा केवल इसे दिखाकर डराने की कोशिश करती है। वह अपने पास रखे रहे डायरी।

गहलोत बोले- मोदी को विपक्षी गठबंधन से कठिनाई क्यों?

मुख्यमंत्री ने कहा- विपक्ष के महागठबंधन में खड़गे साहब की बहुत बड़ी भूमिका रही है। INDIA के नाम से गठबंधन करके विपक्षी पार्टियों को खड़गे एकजुट करने में आगे रहे हैं। मोदी को विपक्षी गठबंधन से कठिनाई क्यों हो रही है? सोनिया गांधी कांग्रेस अध्यक्ष बनी थीं। तब कुछ समय बाद ही कांग्रेस की सरकार बन गई थी। अब खड़गे साहब को अध्यक्ष बनाया तो शुरुआत हो चुकी है। उनके अध्यक्ष बनने के बाद हिमाचल, कर्नाटक में कांग्रेस सरकारें बनीं। आगे छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान जीतना है।

'वन नेशन, वन इलेक्शन' में विपक्ष को विश्वास में नहीं लिया

गहलोत ने कहा कि 'वन नेशन, वन इलेक्शन' की बात हो रही है, लेकिन विपक्ष को विश्वास में नहीं लिया गया। विपक्ष को यह पूछने का अधिकार है कि केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र क्यों बुलाया है? यह भी विपक्ष को नहीं बताया गया कि संसद सत्र क्यों बुलाया? देश किस दिशा में जा रहा, किस दिशा में जाएगा कोई नहीं कह सकता।

'हमारी सरकार में बेहतरीन काम हुआ, रिपीट होगी'

गहलोत ने कहा- बीजेपी की यात्राएं फ्लॉप हो रही हैं। हमारी सरकार में बेहतरीन काम हुआ है। इन कामों के बदौलत ही लोग कह रहे हैं कि सरकार रिपीट हो रही है। बीजेपी की चार यात्राएं निकल रही हैं। बीजेपी के बड़े नेता आ रहे हैं, लेकिन यात्रा फ्लॉप हो रही हैं। आप सब देख रहे हैं। इससे पहले प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि मोदी सरकार कहती है कि देश की आजादी के लिए कांग्रेस ने क्या किया? मैं कहता हूं जवाहर लाल नेहरू 'हरित क्रांति' लेकर आए हैं। मोदी सरकार ने किसानों के लिए कुछ नहीं किया।

मंत्री रामलाल जाट ने सीएम अशोक गहलोत को बताया 'लोक देवता'

राजस्व मंत्री राामलाल जाट ने सीएम अशोक गहलोत को लोक देवता बताया है। गुलाबपुरा की सभा में मंच का संचालन कर रहे रामलाल जाट ने सीएम अशोक गहलोत को भाषण देने मंच पर बुलाने का अनाउसमेंट करते समय उन्हें 'लोक देवता' कहकर संबोधित किया। रामलाल जाट ने कहा- 'मैं अब ऐसे 'लोक देवता' को बुलाना चाहता हूं, जो कलयुग में हर घर में साल भर में 70 हजार रुपए का फायदा दे रहे हैं। ऐसे अशोक गहलोत साहब को मैं मंच पर आंमत्रित कर रहा हूं।'

तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे प्रदेश प्रभारी

खड़के की सभा को लेकर पिछले तीन दिनों से सीएम अशोक गहलोत सहित पीपीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, मंत्री लालचंद कटारिया, प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा व राजस्व मंत्री रामलाल जाट सहित अन्य मंत्री और भीलवाड़ा के कांग्रेस कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए थे।

इन कामों का हुआ लोकार्पण

  1. भीलवाड़ा डेयरी में 79.73 करोड़ रुपए की लागत से नया दूध प्लांट लगा है।
  2. तीन करोड़ रुपए में डेयरी में सोलर प्लांट लगाया है।
138 करोड़ रुपए के तीन नए प्लांट लगेंगे

  1. खारी का लांबा स्थित नई जमीन पर 50 मैट्रिक टन गोबर प्रतिदिन का बायोमीथेनेशन प्लांट लगेगा। करीब 19.47 करोड़ खर्च होंगे।
  2. आधुनिक पशु आहार संयंत्र लगेगा।
  3. भीलवाड़ा सरस डेयरी में अल्ट्रा हाईट्रीटमेंट प्लांट लगेगा। इसकी लागत करीब 55.64 करोड़ रुपए है।
931.92 करोड़ के 409 काम का लोकार्पण-शिलान्यास हुआ

931 करोड़ 92 लाख रुपए के 409 कामों का लोकार्पण व शिलान्यास हुआ। 226 करोड़ 15 लाख रुपए के 150 कामों का लोकार्पण-उद्घाटन हुआ। इसमें नगर परिषद की ओर से किए जाने वाले सीवरेज-2 प्रोजेक्ट का भी शिलान्यास हुआ। यह काम नगर परिषद करेगी। इसकी लागत 144 करोड़ रुपए हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER