इंडिया / संयुक्त राष्ट्र द्वारा किए विकास कार्यों के लिए भारत देगा 1.35 करोड़ डॉलर

Live Hindustan : Nov 16, 2019, 05:41 PM
संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियों द्वारा 2020 में किए जाने वाले विकास कार्यों में भारत ने एक करोड़ 35 लाख डॉलर का सहयोग देने का संकल्प जताया है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन के सलाहकार अंजनी कुमार ने संयुक्त राष्ट्र महासभा की विकास कार्यों के संकल्प सम्मेलन में भारत के इस पेशकश की घोषणा की। कुमार ने कहा कि भारत हमेशा से संयुक्त राष्ट्र द्वारा किए जाने वाले विकास कार्यों में सहयोग देता आया है।

2020 में किए जाने वाले विकास कार्यों में भारत एक करोड़ 35 लाख डॉलर का सहयोग देगा। कुमार ने बुधवार को बताया कि भारत फलस्तीन शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र राहत और निर्माण एजेंसी को 50 लाख अमेरिकी डॉलर और संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम के लिए 45 लाख अमेरिकी डॉलर का सहयोग करेगा। 

विश्व खाद्य कार्यक्रम में 19.2 लाख अमेरिकी डॉलर, संयुक्त राष्ट्र बाल कोष में नौ लाख अमेरिकी डॉलर, संयुक्त राष्ट्र के जनसंख्या कोष में पांच लाख अमेरिकी डॉलर, तकनीकी सहयोग के लिए संयुक्त राष्ट्र के स्वैच्छिक कोष में दो लाख अमेरिकी डॉलर और संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार आयोग को एक लाख 50 हजार अमेरिकी डॉलर दिए जाएंगे। 

भारत यूनिवर्सल पीरियडिक रिव्यू के कार्यान्वयन के लिए वित्तीय और तकनीकी सहायता देने वाले संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम और अपराध और नशा संबंधी संयुक्त राष्ट्र कार्यालय को एक-एक लाख अमेरिकी डॉलर का स्वैच्छिक सहयोग देगा।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER