मोहाली / कोलकाता ने पंजाब को 7 विकेट से हराया अंक तालिका में नंबर 5 पर पहुंची

iplt20.com : May 04, 2019, 09:21 AM
खेल डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग के 12वें सीजन के 52वें मुकाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स ने किंग्स इलेवन पंजाब को 7 विकेट से हरा दिया। शुक्रवार रात मोहाली के स्टेडियम में खेले गए इस मैच में कोलकाता ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 183 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की टीम 18 ओवर में 3 विकेट पर 185 रन बनाकर मैच जीत लिया।

कोलकाता अब भी प्लेऑफ की दौड़ में

इस जीत से कोलकाता को 2 अंक मिले। उसके अब 13 मैच में 12 अंक हैं। वह अंक तालिका में 5वें नंबर पर पहुंच गई। उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें अब भी बरकरार हैं। वहीं, पंजाब के 13 मैच में 10 रन ही हैं। अब उसे प्लेऑफ में पहुंचने के लिए रविवार को चेन्नई सुपरकिंग्स को हराने के साथ ही दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर होना होगा।

शुभमन ने कोलकाता के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए

कोलकाता की ओर से शुभमन गिल टॉप स्कोरर रहे। उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के की मदद से 49 गेंद पर नाबाद 65 रन बनाए। वे मैन ऑफ द मैच भी चुने गए। उन्हें आईपीएल में पहली बार यह पुरस्कार मिला है। उनके अलावा क्रिस लिन ने भी 22 गेंद पर 46 रन की पारी खेलकर टीम को मजबूत शुरुआत दी। कप्तान दिनेश कार्तिक 9 गेंद पर 21 रन बनाकर नाबाद रहे।

शुभमन ने 36 गेंद पर पूरे किए 50 रन

शुभमन गिल ने 4 चौके और 2 छक्के की मदद से 36 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनका सीजन का तीसरा और आईपीएल का चौथा अर्धशतक है।

कोलकाता की ओर से आउट होने वाले बल्लेबाज आंद्रे रसेल, रॉबिन उथ्पपा और क्रिस लिन रहे। पंजाब की ओर से मोहम्मद शमी, रविचंद्रन अश्विन और एंड्रयू टॉय ने 1-1 विकेट लिए।

लिन ने 5 चौके और 3 छक्के की मदद से 22 गेंद पर 46 रन बनाए। एंड्रयू टॉय ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच पकड़ा। लिन जब पवेलियन लौटे तब कोलकाता के 6 ओवर में 62 रन थे।

रॉबिन उथप्पा ने 14 गेंद पर 22 रन की पारी खेली। रविचंद्रन अश्विन की गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर मयंक अग्रवाल ने उनका कैच पकड़ा। वे जब आउट हुए तब कोलकाता के 10.3 ओवर में 100 रन थे।

रसेल ने 14 गेंद पर 24 रन बनाए। मोहम्मद शमी की गेंद पर डीप स्क्वायर पर एंड्रयू टॉय ने उनका कैच पकड़ा। रसेल जब आउट हुए तब कोलकाता के 14.5 ओवर में 150 रन थे।

सैम करन ने अपना पहला अर्धशतक लगाया

इससे पहले पंजाब की ओर से सैम करन ने सबसे ज्यादा रन बनाए। वे 7 चौके और 2 छक्के की मदद से 55 रन बनाकर नाबाद रहे। करन ने 6 चौके और 2 छक्के की मदद से 23 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। यह आईपीएल में उनका पहला अर्धशतक है। उनके अलावा निकोलस पूरन ने 48 और मंयक अग्रवाल ने 36 रन का योगदान दिया।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER