Coronavirus / पत्नी से झूठ बोलकर 'प्रेमिका' संग गया इटली, हो गया कोरोना वायरस

NavBharat Times : Mar 19, 2020, 12:42 PM
ब्रिटेन | क्या आप कर्म में विश्वास करते हैं? अगर करते हैं तो इस खबर को ध्यान से पढ़ लीजिए। ब्रिटेन में एक शख्स अपनी पत्नी को झूठ के अंधेरे में रखकर अन्य महिला के साथ इश्क फरमा रहा था। फिर क्या, उसे कोरोना वायरस हो गया! हुआ यह कि बंदा पत्नी से यह बोलकर घर से निकला था कि वो बिजनेस ट्रिप के सिलसिले में ब्रिटेन जा रहा है। लेकिन जनाब के दिमाग में अलग सिनेमा चल रहा था। क्योंकि बिजनेस ट्रिप तो बहाना था, असल में उन्हें प्रेमिका के साथ इटली में वक्त बिताना था। पर कर्म नाम की भी एक चीज होती है, जिसके चलते जनाब इस सीक्रेट ट्रिप के दौरान कोरोना वायरस की चपेट में आ गए!

करीब 30 साल है शख्स की उम्र

रिपोर्ट के मुताबिक, शख्स ने अपना नाम नहीं बताया है। लेकिन उसकी उम्र 30 के करीब है। अब कोरोना के कारण उसे अलग कमरे में रखा गया है। लेकिन पत्नी अब भी इस बात से अंजान है कि आखिर उनके पति को इस वायरस ने कैसे पकड़ा। बताया गया कि शख्स पत्नि से यह कहकर घर से गया था कि वो बिजनेस ट्रिप के लिए ब्रिटेन जा रहा है।

डॉक्टर्स को बताई सच्चाई

‘COVID-19 के लक्षण दिखने के बाद शख्स ने इंग्लैंड में पब्लिक हेल्थ कोऑर्डिनेटर के सामने कबूल किया कि वह इटली की सीक्रेट ट्रिप के दौरान इस वायरस की चपेट में आया। बाद में वह हॉस्पिटल गया जहां इसकी पुष्टी हुई कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित है। शख्स ने अस्पताल के डॉक्टर्स को बताया कि उसका एक महिला के साथ अफेयर चल रहा है। जब उसकी पहचान पूछी गई तो उसने प्रेमिका का नाम बताने से मना कर दिया, वहीं पत्नी ने खुद को अपने नॉर्थ इंग्लैंड के घर में सेल्फ आइसोलेशन में रखा हुआ है।

पत्नी को लगता है ऐसे हुआ इंफेक्शन

रिपोर्ट में बताया गया कि शख्स ने यह माना है कि उसकी पत्नी यह नहीं जानती कि आखिर उन्हें यह संक्रमण कैसे हुआ। उसे लगता है कि बिजनेस ट्रिप के दौरान वह इसकी चपेट में आए। खैर, जो भी हुआ अब शख्स का इलाज चल रहा है। लेकिन कई बार पूछे जाने पर भी उसने अपनी प्रेमिका का नाम नहीं बताया।

अब शख्स की हालात है ठीक!

सूत्रों ने यह भी कंफर्म किया कि शख्स की हालत स्थिर है। उम्मीद की जा रही है कि वो इस इंफेक्शन को हरा देगा। हालांकि, वह काफी घबराया हुआ है क्योंकि लोगों को उसके वायरस का नहीं, बल्कि एक्स्ट्रा मैरिटियल अफेयर का पता चल गया।

12 मार्च से इटली है लॉकडाउन

बता दें, दुनियाभर में कोरोना वायरस का कहर है। चीन के वुहान शहर से शुरू हुआ यह वायरस 8 हजार लोगों की जान ले चुका है। जबकि 2 लाख से ज्यादा लोग इससे संक्रमित हैं। बुधवार को एक रिपोर्ट में बताया गया कि इटली में COVID-19 के चलते मौत के 500 नए मामले समने आए हैं। 12 मार्च से पूरा देश लॉकडाउन है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER