भ्रष्ट मंत्री से परेशान कांग्रेस / विधायक भरत सिंह ने अपनी ही पार्टी के मंत्री पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप, सीएम से कहा- बर्खास्त कराे

Zoom News : Jun 27, 2020, 07:21 AM

कोटा  कांग्रेस के विधायक भरत सिंह ने एक बार फिर अपनी ही सरकार के मंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। उन्होंने सीएम अशोक गहलोत को पत्र में यहां तक लिखा कि आपके मंत्रिमंडल के एक सदस्य ने तो भ्रष्टाचार की सारी सीमाएं ही पार कर दी। मंत्री के भ्रष्टाचार से तो विभाग के उच्चाधिकारी भी परेशान हैं।

हालांकि उन्होंने पत्र में मंत्री का नाम नहीं लिखा।रिपाेर्टर ने विधायक से नाम पूछा तब भी उन्होंने सिर्फ यही कहा जो इस क्षेत्र में काम कर हैं उन्हें सब पता है। जरूरी नहीं है नाम लिया जाए। उल्लेखनीय है विधायक अवैध खनन से लेकर कई मामलों में अधिकारियों से लेकर मंत्री तक को कटघरे में खड़ा कर चुके हैं।


मंत्री और अधिकारियों को पद मुक्त करो
उन्होंने सीएम काे लिखा कि भ्रष्टाचार को रोकने के लिए नाैकरी से बर्खास्त करने का सुझाव मैंने विधानसभा में भी दिया था। आपका भ्रष्टाचार पर दिया बयान स्वागत योग्य है, लेकिन केवल बयान से कुछ सुधार होने वाला नहीं है। जनता आपसे सख्त कार्रवाई की उम्मीद करती है। हाल ही में भरतपुर डीआईजी और शाहाबाद के एडीएम के ऑफिस में एसीबी ने बड़ी करवाई की। इन दोनों भ्रष्ट अफसर और मंत्री को यदि आपने तत्काल पद मुक्त कर दिया तो ये बहुत बड़ा सन्देश होगा।


भ्रष्टाचार कोरोना से भी खतरनाक, प्रजातंत्र को भस्म कर देगा
 विधायक सिंह ने पत्र में लिखा कि कोरोना से तो हम लड़ लेंगे, लेकिन ये भ्रष्टाचार तो प्रजातंत्र को भस्म कर देगा। भाजपा शासन में जिला परिषद में एलईडी लाइट के घोटाले को लेकर मैंने सीईओ जुगलकिशोर मीना के खिलाफ एसीबी में परिवाद दर्ज करवाया था, जिसकी जांच चल रही है। ये अधिकारी आज मुख्यमंत्री आॅफिस में नियुक्त है। इन हालात में हम भ्रष्टाचार को कैसे रोकेंगे।


नाम लेना जरूरी नहीं, सब जानते है
अगर में कहूं राजस्थान की राजधानी में गड़बड़ी हो रही है तो जरूरी नहीं की जयपुर बोला जाए। ऐसे ही कौन भ्रष्ट है नाम लेना जरूरी नहीं है। क्षेत्र में काम कर रहे सभी जानते हैं। कार्रवाई होगी या नहीं ये देखना भी मेरा काम नहीं है। एक विधायक और सिटीजन के रूप में मेरी जो जिमेदारी है उसे मैं पूरा कर रहा हूं। भ्रष्टाचार बहुत बड़ी बीमारी है। - भरत सिंह, विधायक सांगोद



SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER