स्पोर्ट्स / मीटू के आरोपों में घिरे इमाम उल हक, कई लड़कियों के साथ बातचीत के स्क्रीनशॉट्स वायरल

Dainik Bhaskar : Jul 25, 2019, 06:00 PM
खेल डेस्क. पाकिस्तानी टीम के ओपनर और पूर्व कप्तान इंजमाम-उल-हक के भतीजे इमाम-उल-हक पर कई लड़कियों के साथ संबंध रखने का आरोप लगा है। आरोपों के मुताबिक इमाम एक ही वक्त पर करीब 7-8 लड़कियों के साथ डेट करते थे। पाक ओपनर पर यह आरोप पाकिस्तानी जर्नलिस्ट ने लगाया। अमन नाम से ट्विटर हैंडल चलाने वाले जर्नलिस्ट ने आरोपों को सही साबित करने के लिए सबूत के तौर पर इमाम की वॉट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट्स शेयर किए। पोस्ट में नीचे #MeToo भी लिखा। हालांकि बाद में यूजर ने वो सारे ट्विट्स डिलीट कर दिए, लेकिन तब तक उनके शेयर किए सभी स्क्रीनशॉट वायरल हो गए थे।

अमन ने लिखा कि उसके पास कई स्क्रीनशॉट्स, वीडियो और फोटोज हैं, जिन्हें वो पीड़ितों की सहमति मिलने के बाद जरूर शेयर करेगा। अमन ने ट्वीट में लिखा, 'साफ तौर पर इमाम उल हक लड़कियों को घुमा रहे थे। बहलाते-फुसलाते हुए उनका इस्तेमाल कर रहे थे। हर वक्त उन्हें बताते रहते कि वे कितने अकेले हैं। पहली लड़की से जुड़े कुछ स्क्रीनशॉट्स साथ में हैं।'

‘यह सब पिछले छह महीनों में हुआ’

इसके बाद दूसरी लड़की के साथ हुई बातचीत का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए अमन ने लिखा, 'ये सब एक ही वक्त पर हुआ था। पिछले छह महीनों में।' वहीं चौथा स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए उसने लिखा, 'हम उसकी पहचान नहीं जानते, लेकिन उसने इंस्टाग्राम पर उन लड़कियों में से किसी एक से संपर्क किया था।'

उन चैट्स में क्या है 

पहली लड़की के साथ हुई बातचीत के लीक हुए स्क्रीनशॉट्स में इमाम कहते हैं कि वो उससे शादी नहीं कर सकते, लेकिन उससे प्यार करते हैं। इमाम लड़की को अपने पास आने के लिए कहते हैं, लेकिन वो मना कर देती है। आगे बहस के बाद लड़की इमाम को सेक्स एडिक्ट बताते हुए लड़कियों को बहलाने-फुसलाने का आरोप लगाती है।

दूसरी लड़की के साथ हुई बातचीत के स्क्रीनशॉट्स में लड़की किसी बात को लेकर इमाम से सच बोलने का कहती है। बदले में इमाम अपनी मां की कसम खाकर कहते हैं कि उन्होंने ऐसा कुछ नहीं कहा। वो एक लड़की को मीडिया गर्ल बताते हुए उस पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाते हैं।

तीसरी लड़की के साथ बातचीत वाले स्क्रीनशॉट्स में इमाम लड़की से सेक्सी फोटोज भेजने के लिए कहते हैं। चौथी लड़की वाले स्क्रीन शॉट्स में एक लड़की दूसरी लड़की को इमाम की सच्चाई बताते हुए उससे दूर रहने की सलाह देती है। वो इमाम को धोखेबाज और लुटेरा बताती है।

23 साल के इमाम पाकिस्तानी टीम के प्रमुख बल्लेबाजों में से एक हैं और अपने देश की ओर से 10 टेस्ट, 36 वनडे और 1 टी20 मैच खेल चुके हैं। हाल ही में खत्म हुए विश्व कप 2019 में उन्होंने 8 मैचों में 305 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ शतक और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अर्द्धशतक भी लगाया था। वनडे फॉर्मेट में उनका औसत 54.58 है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER