राजस्थान निकाय चुनाव की घोषणा / उदयपुर, नागौर और झुंझुनूं समेत 20 जिले के 90 निकायों में होगा मतदान

Zoom News : Jan 06, 2021, 02:43 AM

राजस्थान के 20 जिलों की 90 नगर निकायों में चुनाव की घोषणा मंगलवार को हो गई। इनमें एक नगर निगम, 9 नगर परिषद और 80 नगर पालिका हैं। यहां सदस्य के लिए 28 जनवरी को सुबह 8 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। 31 जनवरी को मतगणना की जाएगी। अध्यक्ष पद के लिए 7 फरवरी को मतदान होगा। इसके तुरंत बाद मतगणना की जाएगी। वहीं, 8 फरवरी को उपाध्यक्ष का चुनाव होगा।

90 नगर निकायों में होने वाले मतदान में 29,51,835 मतदाता वोट डालेंगे। इसमें 15,11,208 पुरुष, 14,40,565 महिला और 62 अन्य हैं। इस दौरान कुल 3035 वार्डों में 5253 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। इसमें ईवीएम मशीन का इस्तेमाल किया जाएगा। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित नगर निकाय क्षेत्रों में आचार संहिता लागू कर दी गई है।

चुनाव लड़ने वाले सदस्यों के लिए खर्चे की सीमा भी तय की गई है। इसमें नगर निगम सदस्य के लिए 2.5 लाख रुपए, नगर परिषद सदस्य के लिए 1.5 लाख रुपए और नगर पालिका सदस्य के लिए 1 लाख रुपए की सीमा तय की गई है।

इन 20 जिलों में होगा चुनाव
अजमेर, बांसवाड़ा, बीकानेर, भीलवाड़ा, बूंदी, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, चूरू, डूंगरपुर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जालौर, झालावाड़, झुंझुनूं, नागौर, पाली, राजसमंद, सीकर, टोंक और उदयपुर में होंगे।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER