राजस्थान NEET पेपर लीक मामला: सीकर में ATS-SOG की छापेमारी, DGP के निर्देश पर जांच शुरू

राजस्थान के सीकर में NEET परीक्षा 2026 के पेपर लीक होने की आशंका के बाद हड़कंप मच गया है। परीक्षा से पहले बांटे गए गैस पेपर्स के सवाल मुख्य परीक्षा से मिलने पर DGP राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर ATS और SOG की टीमों ने सीकर में डेरा डाल दिया है।

देशभर में हाल ही में आयोजित हुई नीट (NEET) परीक्षा 2026 अब गंभीर सवालों के घेरे में आ गई है। राजस्थान के सीकर जिले में परीक्षा से महज एक दिन पहले बांटे गए गैस पेपर्स में से कई सवाल मुख्य परीक्षा के प्रश्नपत्र में हूबहू आने की सूचना मिली है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी (SOG) ने उच्चाधिकारियों की एक विशेष टीम गठित कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि परीक्षा वाले दिन ही कुछ विद्यार्थियों ने सीकर के उद्योग नगर पुलिस थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन शुरुआती स्तर पर पुलिस द्वारा ध्यान न दिए जाने के बाद छात्रों ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को दस्तावेजों के साथ ई-मेल के जरिए शिकायत भेजी थी।

DGP के हस्तक्षेप के बाद ATS और SOG सक्रिय

जब यह पूरा मामला राजस्थान के पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कुमार शर्मा तक पहुंचा, तो एटीएस (ATS) और एसओजी तुरंत सक्रिय हो गईं। जयपुर से आए वरिष्ठ अधिकारी पिछले दो दिनों से सीकर में मौजूद हैं और संदिग्ध युवकों से गहन पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, 3 मई को नीट की परीक्षा संपन्न होने के बाद कुछ छात्रों ने उद्योग नगर थाना पुलिस को बताया था कि परीक्षा से पहले जारी हुए एक गैस पेपर के कई सवाल मुख्य पेपर में हूबहू मिले हैं। हालांकि, उस समय पुलिस ने इस शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और जिला पुलिस अधीक्षक (SP) को भी इसकी सूचना नहीं दी गई। शिकायतकर्ताओं को केवल अपना मोबाइल जमा करने की बात कहकर थाने से भेज दिया गया था।

NTA की सूचना पर उच्च स्तरीय टीम का गठन

स्थानीय पुलिस की बेरुखी के बाद विद्यार्थियों ने साक्ष्यों के साथ एनटीए को ई-मेल किया, जिसके बाद एनटीए ने राजस्थान डीजीपी राजीव कुमार शर्मा को मामले से अवगत कराया। डीजीपी के निर्देश पर एटीएस एवं एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने मामले की कमान संभाली और विशेषज्ञों की एक टीम गठित की। एडीजी विशाल बंसल स्वयं सीकर पहुंचे और संदिग्ध छात्रों व युवकों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान पिपराली रोड और नवलगढ़ रोड स्थित कई हॉस्टलों में दबिश दी गई, जहां से करीब 8 छात्रों और युवकों को हिरासत में लेकर उद्योग नगर थाने में पूछताछ की जा रही है।

फिजिक्स और बायोलॉजी के सवालों में समानता

जांच में यह बात सामने आई है कि सीकर में नीट परीक्षा से एक दिन पहले यानी 2 मई की रात को ही कुछ गैस पेपर प्रसारित हुए थे। इन पेपर्स में दिए गए फिजिक्स और बायोलॉजी के कई सवाल नीट परीक्षा के मूल प्रश्नपत्र में हूबहू पाए गए हैं। इस कार्रवाई के दौरान उद्योग नगर पुलिस थाना, कोतवाली, गोकुलपुरा और दादिया थानों का पुलिस जाब्ता भी पिपराली रोड पर अलग-अलग स्थानों पर तैनात रहा। हालांकि, सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने फिलहाल इस मामले में आधिकारिक तौर पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है।

राजस्थान में पेपर लीक का पुराना इतिहास

राजस्थान में पिछले कुछ वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक का मामला लगातार बना हुआ है। इससे पहले रीट 2021, सेकेंड ग्रेड टीचर भर्ती-2022, सीनियर टीचर भर्ती (ग्रेड-II), पटवारी भर्ती परीक्षा, जेईएन भर्ती परीक्षा, लाइब्रेरियन भर्ती और आरओ/ईओ भर्ती परीक्षा में भी पेपर लीक और डमी अभ्यर्थियों के मामले सामने आ चुके हैं। हाल ही में एसआई भर्ती परीक्षा 2021 को भी इसी तरह की गड़बड़ियों के कारण रद्द करना पड़ा था। वर्तमान में एडीजी विशाल बंसल, एसओजी के आईजी अजयपाल लांबा और एटीएस व एसओजी के एडीजीपी दिनेश एमएन सहित अन्य अधिकारी सीकर में मामले की तह तक जाने के प्रयास में जुटे हुए हैं।

फिलहाल एसओजी के अधिकारी और सीकर पुलिस की टीमें मामले की कड़ियों को जोड़ने में लगी हैं। शनिवार रात तक पुलिस ने इस मामले में कोई आधिकारिक खुलासा नहीं किया है, लेकिन संदिग्धों से पूछताछ का दौर लगातार जारी है।