अमेरिका / वार्डरोब पर खर्च करती हैं करोड़ों, यह डिजाइन करता है मेलानिया ट्रंप के कपड़े

News18 : Feb 25, 2020, 04:41 PM
अमेरिका: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप (Melania Trump) जब एयरफोर्स वन से उतर रहे थे तो लोगों की पहली नजर उनके कपड़ों पर पड़ी। ये स्वाभाविक भी है। सबसे ताकतवर मुल्क के राष्ट्रपति और उनकी पत्नी जब किसी दूसरे देश में कदम रखते हैं तो लोगों की निगाहें सबसे पहले उनके कपड़ों पर जाती है। डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप जब अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल एयरपोर्ट पर उतरे तो डोनाल्ड ट्रंप ने नेवी ब्लू कलर का सूट और पीली टाई लगाए हुए थे। ट्रंप ने लेपल पिन के जरिए अमेरिका का झंडा लगा रखा था।

मेलानिया ट्रंप ने सफेद रंग का जंप सूट पहन रखा था। कमर के पास हरे रंग का एक कमरबंद बंधा था। पहले भारतीय मीडिया में इसे कराटे सूट कहा गया। लेकिन धीरे-धीरे पता चला कि मेलानिया ट्रंप ने जो पहना है, उसे खासतौर पर भारतीय परिवेश को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। मेलानिया ट्रंप की इस ड्रेस को निकोलस कैटो और हर्वे पियरे ने डिजाइन किया था। उनकी इस ड्रेस के पीछे क्रिएटिव डिजाइनर्स की एक पूरी टीम थी। इस ड्रेस को हर्वे पियरे के लिए एटलियर कैटो फैशन हाउस ने तैयार किया है।

मेलानिया ट्रंप ने जो हरे रंग का कमरबंद बांध रखा था उसे सैश कहते हैं। 18वीं सदी के परिधान से प्रेरित हरे रंग के सैश को सोने के धागों से पिरोया गया था। 24 फरवरी को अहमदाबाद और आगरा के दौरे पर पूरे दिन वो इस परिधान में दिखीं।

कौन डिजाइन करता है मेलानिया ट्रंप के कपड़े

फ्रेंच अमेरिकन डिजाइनर हर्वे पियरे ने मेलानिया ट्रंप के कपड़े कई बार डिजाइन किए हैं। सैश को लेकर उन्होंने इंस्टाग्राम पर जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि बीसवीं शताब्दी के शुरुआत में भारतीय टेक्सटाइल के डाक्यूमेंट्स में इसका जिक्र मिलता है। सैश को हरे रंग के सिल्क के कपड़े और सोने के धागों से तैयार किया जाता है। मेलानिया के बारे में कहा जाता है कि आमतौर पर वो अपने कपड़े खुद सेलेक्ट करती हैं। वो अपने मनमुताबिक कपड़ों का चुनाव करती हैं। फ्लोरिडा में कुछ दिनों पहले उन्होंने अपने एक सम्मान समारोह में ब्रैंडन मैक्सवेल की वाइट कलर की मिडी पहनी थी। पिछले साल सितंबर में बेसबॉल प्लेयर मैरिआनो रिवेरा के राष्ट्रपति मेडल से सम्मानित करने के समारोह में मेलानिया ने सफेद रंग का डियोर सूट पहना था।

मेलानिया ट्रंप ने 2019 के अपने जापान दौरे में भी सफेद रंग के कपड़े पहने थे। सफेद रंग के गाउन के साथ उन्होंने लाल रंग की जूती पहनी थी।

मिसेज ट्रंप के वार्डरोब को लेकर बरती जाती है गोपनीयता

वैसे ज्यादातर मौकों पर मेलानिया ट्रंप ने हर्वे पियरे के डिजाइन किए कपड़े पहने हैं। इसके पहले 2017 में पियरे ने ही उनका वनिला सिल्क क्रेप ऑफ शोल्डर गाउन तैयार किया था। हर्वे पियरे ऑस्कर डी ला रेन्टा और कैरोलिना हेर्रेरा के लिए काम कर चुके हैं। इन दो अमेरिकन ब्रांड्स को वाशिंगटन की सभ्रांत महिलाओं को सजाने के लिए जाना जाता है।

हर्वे पियरे ही मेलानिया ट्रंप के लिए कपड़ों की खरीददारी करते हैं। एक अमेरिकन फैशन मैगजीन के मुताबिक हर्वे इस बात का ख्याल रखते हैं कि मिसेज ट्रंप जो पहनने वाली हैं, उसे पहले किसी सेलीब्रिटी ने ना पहना हो। मैगजीन से बात करते हुए हर्वे पियरे बताया है कि मिसेज ट्रंप के लिए कपड़े खरीदते वक्त पूरी गोपनीयता बरती जाती है। स्टोर मालिक से लेकर डिजाइनर तक, किसी को पता नहीं होता है कि ये किसके लिए खरीदा जा रहा है।

कपड़ों पर कितना खर्च करती हैं मिसेज ट्रंप

मेलानिया ट्रंप मॉडल रह चुकी हैं। इसलिए भी उन्हें अपने कपड़ों को लेकर विशेष ख्याल रहता है। मिसेज ट्रंप अपने फैशन पर अच्छा खासा खर्च करती हैं। 2019 के एक आंकड़े के मुताबिक मेलानिया ट्रंप ने एक साल में अपने कपड़ों पर 1 लाख 93 हजार पाउंड यानी करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपए खर्च किए थे। इसमें भी कुछ कपड़ों की पहचान नहीं की जा सकी। इसलिए माना जा रहा है कि ये रकम और बड़ी हो सकती है। 2019 में मेलानिया ने जापान, यूके और जी7 की आधिकारिक यात्रा की थी।


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER