Rajasthan / भरतपुर में आपस में भिड़े दो समुदाय, आधे घंटे तक हुई पत्थरबाजी, इलाका छावनी में तब्दील

Zoom News : May 10, 2022, 12:38 PM
करौली और जोधपुर के बाद भरतपुर में भी सांप्रदायिक हिंसा की आग पहुंच गई है। बुध की हाट क्षेत्र में सोमवार की देर रात दो समुदाय आपस में भिड़ गए। जिसके बाद दोनों पक्षों ने जमकर एक दूसरे पर पत्थर और कांच की बोतलों से हमला कर दिया। हमले में एक राहगीर घायल हो गया। 


घटना करीब रात 11 बजे की है। जानकारी के अनुसार 2013 में भी दोनों समुदायों के बीच झगड़ा हुआ था। इसी मामले के पांच आरोपी सोमवार को बरी होकर घर आए थे। ऐसे में वे लोग जश्न मना रहे थे। आरोप है कि उन्होंने डीजे और ढोल बजवाए और दूसरे पक्ष को चैलेंज किया। उसके बाद उन्होंने दूसरे पक्ष के घरों पर कांच की बोतलें फेंकना शुरू कर दिया। जिसके बाद दूसरे पक्ष ने भी पत्थरबाजी की। एक धार्मिक स्थल पर भी पथराव किया गया। आरोपियों ने दो बाइकों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। 


दोनों पक्षों में करीब आधा घंटे तक पत्थरबाजी हुई। पुलिस ने 15 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं एहतियातन पुलिस ने पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया है। पांच थानों का पुलिस जाब्ता मौके पर तैनात किया गया है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER