बाड़मेर / संयुक्त राष्ट्र का शांति रक्षा पदक बाड़मेर के बेटे पुलिस निरीक्षक संग्राम सिंह भाटी को

Zoom News : Oct 19, 2019, 06:35 PM
जयपुर | राजस्थान पुलिस (Rajasthan Police) में अलहदा छवि और अपनी ज्ञानार्जन की क्षमताओं के लिए पहचाने जाने वाले पुलिस निरीक्षक संग्राम सिंह भाटी (Inspector Sangram Singh Bhati) को संयुक्त राष्ट्र संघ ने शांति रक्षा पदक (United Nations Peacekeeping Medal-2019) से सम्मानित किया है। संग्राम यूएनओ के पीस मिशन के तहत आईवरी कोस्ट और युगांडा स्थित हाई कमिशन ऑफ इंडिया में भी सेवाएं दे चुके हैं। वे बीते एक साल से संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन (United Nations Peace Mission) के तहत साईप्रस (Cyprus) में प्रतिनियुक्ति पर हैं। भाटी इससे पहले न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय (United Nations Headquarters) में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

1996 बैच के अधिकारी हैं भाटी
मूलतया राजस्थान के बाड़मेर जिले के गिराब गांव निवासी संग्राम सिंह भाटी 1996 बैच के अधिकारी हैं। एलएलबी डिग्रीधारी भाटी पूर्व में राजस्थान में पाली, जोधपुर शहर, पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र, जोधपुर और किशनगढ़ समेत पुलिस आयुक्तालय जयपुर में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।


पिछले वर्ष से शामिल हैं शांति मिशन में
वर्ष 2018 में राजस्थान पुलिस के 8 अधिकारियों का चयन संयुक्त राष्ट्र संघ के शांति मिशन के लिए हुआ था। नई दिल्ली में 18 से 27 सितंबर, 2018 तक आयोजित इस चयन प्रक्रिया में देशभर से आए 363 पुलिस अधिकारी शामिल हुए थे। इसमें से 164 अधिकारी अंतिम रूप से चुने गए थे। चयन प्रक्रिया में शामिल होने वाले राजस्थान से कुल 23 में से 8 अधिकारियों का चयन किया गया था।

ज्ञानार्जन में माहिर
कर्मशीलता के साथ—साथ अध्ययनशीलता भी भाटी का खास गुण है। उन्होंने राजनीति शास्त्र में स्नातकोत्तर करने के बाद भाटी ने बाद में कानून की शिक्षा भी ली। वे अंग्रेजी के अलावा फ्रेंच, स्पेनिश और पुर्तगाली भाषा भी जानते हैं। भाटी शांति मिशन के तहत आईवरी कोस्ट और युगांडा स्थित हाई कमिशन ऑफ इंडिया में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER