Coronavirus / महाराष्ट्र में 24 दिन में 7827 केस, 173 लोगों की मौत; मुंबई में कुल 92988 मामले

News18 : Jul 12, 2020, 08:31 PM
मुंबई। महाराष्ट्र (Maharashtra) में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस (Coronavirus) के 7827 मामले सामने आए हैं। इसी अवधि में यहां 173 लोगों की मौत हुई है। राज्य में करीब 7 हजार से अधिक मामले आने के बाद संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 2 लाख 54 हजार 427 हो गया है। महाराष्ट्र में अब तक 1 लाख 40 हजार 325 लोग कोरोना संक्रमण से उबर चुके हैं जबकि अब तक 10, 289 लोगों की मौत हो गई है। मुंबई (Mumbai) में बीते एक दिन में कोविड-19 (Covid-19) के 1243 केस आए हैं जिसके बाद मुंबई में कुल मामलों की संख्या 92988 हो गई है। मुंबई में एक्टिव मामलों की संख्या 22540 है जबकि यहां अब तक 5288 लोग कोरोना के चलते दम तोड़ चुके हैं। वहीं मुंबई से सटे ठाणे (Thane) में भी कोरोना का कहर बेकाबू होता जा रहा है। ठाणे में कोरोना वायरस के 61869 मामले हैं जिसमें से 33733 एक्टिव मामले हैं। यहां 26489 लोग ठीक हुए हैं जबकि 1646 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

वहीं दक्षिण मुंबई (South Mumbai) में स्थित राजभवन (Rajbhavan) के 16 कर्मचारियों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। नगर निकाय के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। राजभवन के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी (Governor Bhagat Singh Koshyari) ने उन खबरों का खंडन किया है कि वह स्व पृथकवास में हैं। कोश्यारी ने एक बयान में कहा, ‘‘मैं बिल्कुल ठीक हूं और खुद को पृथक नहीं किया है। मैंने संबद्ध जांच कराई, जिसकी रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। कोविड-19 के कोई लक्षण नहीं हैं।’’ उन्होंने कहा कि वह सामाजिक दूरी (Social Distancing) और मास्क (Mask) पहनने जैसे नियमों का का सख्ती से पालन करते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।

आवासीय परिसर में ही क्वारंटाइन हैं कर्मचारी

अधिकारी ने बताया कि राजभवन के जो कर्मचारी कोविड-19 की जांच में संक्रमित पाए गए हैं, उन्हें वहीं पर उनके आवासीय परिसर में पृथक कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि राजभवन प्रशासन ने उन्हें संस्थागत पृथक-वास में रखने को कहा, तो उन्हें वहां भेज दिया जाएगा।

अधिकारी ने कहा, ‘‘बृहन्मुंबई महानरगपालिका के डी वार्ड को संक्रमण मुक्त किया गया है और राजभवन परिसर को भी समय-समय पर संक्रमण मुक्त किया गया है। यदि जरूरत पड़ी तो बीएमसी अपने स्वास्थ्य कर्मियों को राजभवन में चिकित्सकों की सहायता के लिये उपलब्ध कराएगा।’’ अधिकारी ने बताया कि राजभवन के दो कर्मचारी हाल ही में संक्रमित पाए गए थे, जिसके बाद 100 अन्य कर्मचारियों की जांच कराई गई जिनमें से 14 लोग संक्रमित पाए गए। इससे संक्रमितों की कुल संख्या 16 हो गई।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER