कानपुर / दूल्हा पसंद न आने पर दुल्हन ने छह फेरों के बाद, शादी करने से कर दिया इंकार

AMAR UJALA : Nov 25, 2019, 07:41 AM
कानपुर | कानपुर में सचेंडी के छीतेपुर गांव में शनिवार रात दूल्हा पसंद न आने पर दुल्हन छह फेरों के बाद रुक गई। उसने शादी करने से इंकार कर दिया। सूचना पर सचेंडी पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों से बातचीत कर उनका समझौता कराया। इसके बाद रविवार तड़के बरात लौट गई।

शनिवार रात गांव निवासी एक किसान की लड़की की बरात बिठूर के नारामऊ गांव से आई थी। जयमाल के बाद देर रात मंडप की रस्म शुरू हुईं। छह फेरे पूरे होने के बाद दुल्हन अचानक रुक गई और शादी से इंकार कर दिया। वजह बताई कि दूल्हा पसंद नहीं है।

इस वजह से अब ये शादी किसी कीमत पर नहीं हो सकती। परिजनों के समझाने बुझाने पर भी उसने किसी की नहीं सुनी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने भी उससे बातचीत की लेकिन बात नहीं बनी। पुलिस दोनों पक्षों को चौकी ले आई।

लड़के पक्ष को दिए गए सामान की वापसी पर सहमति बनने पर समझौता हुआ। इसके बाद बरात लौटी गई। एसओ शेष नारायण पांडेय ने बताया कि किसी भी पक्ष ने कार्रवाई के लिए कोई तहरीर नहीं दी है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER