देश / महाबली फाइटर जेट रफाल का 'राजतिलक' आज, चीन और पाकिस्तान में दहशत

Zee News : Sep 10, 2020, 07:51 AM
नई दिल्ली: देश के महाबली फाइटर जेट रफाल को गुरुवार को औपचारिक रूप से भारतीय वायुसेना में शामिल किया जाएगा। रफाल 17वें स्क्वाड्रन, "गोल्डन ऐरो" का हिस्सा बनेगा। औपचारिक अनावरण पारंपरिक रूप से आयोजित 'सर्व धर्म पूजा' के साथ किया जाएगा। फ्रांस की रक्षा मंत्री पार्ली भी इस समारोह में शामिल होंगी।  

रफाल के राजतिलक की तैयारी कितनी खास है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इंडक्शन सेरेमनी में चीफ गेस्ट के तौर पर फ्रांस की रक्षा मंत्री फलोरेंस पार्ले और भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे। साथ ही इस ऐतिहासिक क्षण पर CDS जनरल विपिन रावत और वायु सेना प्रमुख आरकेएस भदौरिया मौजूद रहेंगे। 

समारोह के लिए अंबाला एयरफोर्स स्टेशन के अलावा कैंट इलाके में आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सैन्य टीमें गश्त पर उतर आई हैं। सेना की हथियारबंद टुकड़ियां बाजारों और वहां के मुख्य मार्गों पर गश्त कर रही हैं। सेना क्षेत्रों को जाने वाले मार्गों पर भी चौकसी बढ़ा दी गई है।

राफेल की ताकत की वजह से भारत के दुश्मनों के होश पस्त हैं। राफेल 4।5 जेनरेशन का लड़ाकू विमान है। भारत और फ्रांस के साथ हुए करार के मुताबिक 2022 तक भारत को 36 राफेल जेट भारत को मिल जाएंगे। पहले 18 राफेल जेट अंबाला एयरबेस में रखे जाएंगे, जबकि बाकी के 18 विमान पूर्वोत्तर के हाशीमारा में तैनात किए जाने का प्लान है।

LAC पर भारत को आंखे दिखा रहे चीन को एक और बड़ा झटका लगने जा रहा है। भारत और चीन सीमापर बढ़ते तनाव के बीच जम्मू-कशमीर के किश्तवाड़ जिले में भी लड़ाकू विमान उतारने की तैयारी शुरू कर दी गई है। किश्तवाड़ में सोमवार को पहली बार लड़ाकू अपाचे हेलीकॉप्टर की लैंडिंग कराई गई। इलाके के हेलीपैड पर दो अपाचे हेलीकॉप्टर उतारने के साथ ही पायलटों ने पूरे क्षेत्र का जायजा लिया।


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER